ग्रीन एंक्लेव सोसाइटी न्यू नालागढ़ द्वारा कोरोना इलाज के लिए चिन्हित कर्मचारी राज्य बीमा निगम लिमिटेड अस्पताल बद्दी के डाक्टरों के लिए एक सैंपलिंग कैबिन तैयार कर भेंट किया
बद्दी , 16 अप्रैल (शांति गौतम ) वैश्विक महामारी कोविड-19 से बचाव तथा इसकी रोकथाम के लिए ग्रीन एंक्लेव सोसाइटी न्यू नालागढ़ द्वारा कोरोना इलाज के लिए चिन्हित कर्मचारी राज्य बीमा निगम लिमिटेड अस्पताल बद्दी के डाक्टरों के लिए एक सैंपलिंग कैबिन तैयार कर भेंट किया गया। नालागढ़ के पूर्व विधायक इंजीनियर के एल ठाकुर के मार्गदर्शन में निर्मित इस डिब्बा नुमा कैबिन में बैठकर डॉक्टर बिना पीपीई किट पहने कोरोना के संभावित रोगी की जांच के लिए सैंपल एकत्रित कर सकता है। इस विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए पूर्व विधायक के एल ठाकुर ने बताया कि केरल राज्य की तर्ज पर इस सैंपलिंग बॉक्स को निर्मित किया गया है तथा इसके निर्माण के विषय में कर्मचारी राज्य बीमा निगम लिमिटेड बद्दी अस्पताल के डॉक्टरों से उनकी आवश्यकताओं बारे आवश्यक मार्गदर्शन लेकर उनके उपयोग के अनुकूल बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इस सेंपलिंग बॉक्स की सहायता से मरीज की जांच करते समय न केवल डॉक्टर पूरी तरह से सुरक्षित है बल्कि इससे पीपीई किट के लिए बार-बार होने वाले खर्चे की भी बचत होगी। उन्होंने बताया कि कोरोनावायरस के मरीज की जांच करने में लाभदायक इस उपकरण को ग्रीन एंक्लेव सोसाइटी न्यू नालागढ़ के माध्यम से आवश्यक सामग्री एकत्रित कर निर्मित किया गया है। के एल ठाकुर ने बताया कि खंड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़ की मांग पर शीघ्र ही नागरिक चिकित्सालय नालागढ़ के लिए भी एक इसी प्रकार का डिब्बा नुमा सेंपलिंग उपकरण भेंट किया जाएगा ताकि नालागढ़ अस्पताल में भी कोरोना संभावित मरीजों की जांच करते समय चिकित्सकों की सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जा सके। इस अवसर पर पूर्व विधायक ने खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ केडी जैसल की मांग पर नालागढ़ अस्पताल लैब में खिड़कियों की मरम्मत तथा शीशे बदलने के लिए ग्रीन इंक्लेव सोसाइटी न्यू नालागढ़ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर ग्रीन एनक्लेव सोसायटी न्यू नालागढ़ के अध्यक्ष हरदीप बाबा ने बताया कि उनकी सोसायटी कोविड-19 नामक महामारी के इस दौर में पूर्व विधायक के एल ठाकुर के निर्देशानुसार कई अन्य सामाजिक कार्यों के प्रति भी अपना दायित्व निभा रही है। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ के डी जस्सल, कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल बद्दी से डॉ गगनदीप, ग्रीन एंक्लेव सोसाइटी से कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार, पब्लिक वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव पुनीत कौशल, देशबंधु कपिल, राजवंत चंदेल तथा करनैल सहित अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे।





























