डीडी शिमला पर हिमाचल दूरदर्शन ज्ञानशाला का लाभ उठाएं विद्यार्थी
जसवाल,ऊना ( 19 अप्रैलः ) कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए देशव्यापी लॉकडाउन लगा दिया गया जिसके चलते सभी शिक्षण संस्थान बंद है। इसी के दृष्टिगत हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा 10वीं तथा 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए 17 अप्रैल से डीडी शिमला पर हिमाचल दूरदर्शन ज्ञानशाला का प्रसारण आरंभ कर दिया गया है ताकि विद्यार्थी अपने घरों में रहते हुए पढ़ाई कर सकें। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने बताया कि दूरदर्शन के डीडी शिमला चैनल पर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक 10वीं तथा 12वीं कक्षाओं के पाठ्यक्रम पर आधारित हिमाचल दूरदर्शन ज्ञानशाला का प्रसारण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला में केबल टीवी नेटवर्क संचालकों द्वारा फास्टवे, सिटी केबल और कैटविज़न डिजीटल केबल सेवाओं के माध्यम से डीडी शिमला का प्रसारण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फास्टवे पर डीडी शिमला का प्रसारण चैनल नंबर 95 जबकि कैटविज़न पर चैनल नंबर 604 और सिटी केबल पर चैनल नंबर 804 पर डीडी शिमला उपलब्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों का आहवान किया है कि वे घर पर रहकर पढ़ाई करें तथा कोरोना जैसी महामारी से स्वयं भी बचें और दूसरों को भी बचाएं। उन्होंने जिला में कार्यशील केबल टीवी नेटवर्क सेवा प्रदाताओं को डीडी शिमला का अनिवार्य एवं निर्बाध प्रसारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।




























