बुद्धिजीवी विचार मंच ने की पर्यावरण सुरक्षा और जल बचाओ अभियान की शुरूआत
करनाल, आशुतोष गौतम ( 9 जून ) बुद्धिजीवी विचार मंच ने पर्यावरण सुरक्षा और जल बचाओ अभियान की शुरूआत की है। वीडियो कांफ्रेंस के जरिए आयोजित पहली बैठक में अभियान की सफलता को लेकर रणनीति तय की गई। मंच की अध्यक्ष मीना गहलावत ने सदस्यों को लोकल स्तर पर पेड़ बचाओ, पेड़ लगाओ तथा जल बचाओ कार्यक्रम शुरू करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सदस्य अपने आसपास पौधे लगाए तथा पहले से लगे हुए पेड़ों की देखभाल करें। अभी पेड़ लगाने के लिए उपयुक्त समय है । जो पेड़ पहले से लगे हुए हैं उनमें पानी दें तथा उनके आसपास सफाई रखें। उन्होंने कहा कि अभियान चलाते समय सोशल डिस्टेंसिंग तथा कोरोना से बचाव के अन्य उपायों का भी पालन करते रहना चाहिए। बैठक में करनाल से बुद्धिजीवी विचार मंच हरियाणा के महासचिव रामविलास शर्मा ने जल बचाने के लिए तथा वर्षा के जल को संग्रहित करने के लिए प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि हमें कम से कम भूजल का दोहन करना चाहिए तथा इस प्रकार के उपाय करने चाहिए कि कम से कम पानी में तथा वर्षा के जल को इक_ा करके उसी के द्वारा पर्यावरण को हरा-भरा किया जा सके। उल्लेखनीय है कि बुद्धिजीवी विचार मंच हरियाणा पर्यावरण सुरक्षा को लेकर समय-समय पर अभियान चलाता रहता है । नए पेड़ लगाने के साथ-साथ यह मंच विशेषकर उन पेड़ों की देखभाल पर जोर देता है जो कि लगाकर छोड़ दिए गए हैं तथा सूखने के कगार पर हैं। वीडियो कांफ्रेंस में कमल कुमार, शिवकुमार, अमित कुमार, सविता उर्मिला गौतम, चंद्र लाल, विजेंद्र कुमार, विकास व अनूप कुमार शामिल रहे।
































