अंदारौली को वाटर स्पोर्टस गतिविधियों के लिए किया जाएगा विकसित – विक्रमादित्य सिंह
BHT news, ऊना, 6 मार्च – अंदौरली में 22वीं अखिल भारतीय पुलिस जलक्रीड़ा प्रतियोगिता 2023 का समापन्न लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए एक बहुत ही गर्व की बात है कि जिला ऊना के अंदौरली में 22वीं अखिल भारतीय पुलिस जलक्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके लिए उन्होंने हिमाचल प्रदेश पुलिस को बधाई दी और कहा कि प्रदेश में पुलिस विभाग द्वारा पहली बार कैनोईंग, रोईंग व कायकिंग जैसी प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि जल क्रीड़ा में हिमाचल प्रदेश पुलिस की टीम न होते हुए भी डीजीपी संजय कुंडु ने इस प्रतियोगिता का सफल संचालन किया और नई सोच के साथ एक अच्छी शुरूआत की। उन्होंने कहा कि अंदरौली क्षेत्र में जल क्रीडाओं की काफी संभावनाएं है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस क्षेत्र को वाटर स्पोर्टस का केंद्र बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पुलिस विभाग की टीम भी तैयार की जाएगी और सरकार द्वारा पूरा-पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा जिसके लिए बजट में भी प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं के आयोजन से अंदरौली को वाटर स्पोर्टस के लिए एक नई पहचान मिली है। इस क्षेत्र को स्पोर्टस पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जाएगा ताकि युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के साधन भी विकसित हो सके। उन्होंने कहा कि अंदरौली द्वोत्र को टुरिज्म की दृष्टि से विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खु से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अंदरौली में खेलों के लिए आधारभूत ढांचा तैयार किया जाएगा ताकि खेल विश्व मानचित्र पर क्षेत्र अपना स्थान बना सके। खेल मंत्री विक्रमादित्य ने कहा कि भविष्य में प्रदेश में अन्य खेलों को भी बढ़ावा देने के साथ-साथ खेल मैदान विकसित करने पर बल दिया जाएगा ताकि भविष्य के लिए राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए जा सके। चेयरमैन आॅल इंडिया स्पोर्टस कंट्रोल बोर्ड अरविंद कुमार ने खेलों के आयोजन के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस आयोजन समिति का धन्यावाद किया। उन्होंने कहा कि अंदरौली के अच्छे वातावरण में वाटर स्पोर्टस गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन किया है जिसके लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया। डीजीपी हिमाचल प्रदेश पुलिस संजय कुंडु ने बताया कि अंदरौली में वाटर स्पोर्टस की काफी संभावनाएं है। उन्होंने खेल मंत्री से इस क्षेत्र को वाटर स्पोर्टस एक्टिवीटी के लिए विकसित करने का आग्रह किया ताकि राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय की प्रतियोगिताएं संचालित की जा सके। रोईंग, कैनोईंग व कायकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित
इस अखिल भारतीय स्पोर्टस प्रतियोगिता में रोईंग, कैनोईंग व कायकिंग की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। 5 दिवसीय वाटर स्पोर्टस गतिविधिध्यों में देश के 19 विभिन्न राज्यों व केंद्र पुलिस बलों के 460 प्रतियोगी भाग लिया जिसमें महिलाओं की 10 टीमों ने भाग लिया।
बॉलीवुड सिंगर गगन सिंह के तरानो से झूमे दर्शक –
अंदरौली में बॉलीवुड सिंगर गगन सिंह पहुंचे और उन्होंने बॉलीवुड के हिंदी गाने गाए जिससे वहां का माहोल काफी खुशनुमा हो गया और उनकी मधुर आवाज में प्रस्तुत किए गए मधुर तरानो से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सिंगर डॉ गगन सिंह ने बताया कि उनको संगीत का शौक बचपन से ही था और उनकी कड़ी मेहनत से और गुरुजनों के आशीर्वाद से वह इस मुकाम पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई में जाकर बॉलीवुड में उन्होंने काफी संघर्ष किया जिससे उनको सफलता भी मिली।