बंगाणा भाजपा कार्यालय में बड़ी धूमधाम से मनाया 26 वां कारगिल विजय दिवस, शहीदों को किया गया नमन
गगरेट के पूर्व विधायक राजेश ठाकुर रहे मुख्यातिथि, शहीदों के परिवारों को किया सम्मानित
डॉ रणधीर जसवाल, बंगाणा: कुटलैहड़ विस क्षेत्र के बंगाणा भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को 26 वां कारगिल विजय दिवस पूरे जोश और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में गगरेट के पूर्व विधायक राजेश ठाकुर मुख्यातिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यालय पहुंचने पर कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय सेना के शहीद वीर जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर शहीद परिवारों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिससे माहौल अत्यंत भावुक और गर्वमय हो गया। मुख्यातिथि राजेश ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल युद्ध 85 दिनों तक चला, जिसमें देश के कोने-कोने से वीर जवानों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के 55 वीर सपूतों ने इस युद्ध में अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने जिस वीरता, साहस और आत्म बल से दुश्मनों को मुंह तोड़ जवाब दिया और विजय हासिल की, उसकी गाथा आज पूरा देश गा रहा है। पूर्व विधायक राजेश ठाकुर ने यह भी कहा कि भाजपा ने हमेशा शहीदों के सम्मान और उनके परिवारों के कल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया, जिनका उद्देश्य शहीद परिवारों को सहायता और सम्मान देना है। इस कार्यक्रम में चिंतपूर्णी के पूर्व विधायक बलबीर चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम मिन्हास, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा और भाजपा नेत्री संतोष सैनी ने भी अपने विचार रखे। सभी ने कारगिल विजय को भारतीय सेना की वीरता और देशभक्ति की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध सिर्फ एक सैन्य जीत नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, साहस और बलिदान की जीवंत कहानी है। पूर्व विधायक बलबीर चौधरी ने कहा कि हिमाचल जैसे छोटे राज्य से इतने बड़े बलिदान का इतिहास अपने आप में गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि आज हर युवा को शहीदों की कुर्बानी से प्रेरणा लेनी चाहिए और देशसेवा में आगे आना चाहिए।श्याम मिन्हास ने कारगिल विजय दिवस को देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि जब भी भारत की सुरक्षा पर संकट आता है, हमारी सेना हमेशा दुश्मनों को करारा जवाब देने के लिए तैयार रहती है। भाजपा नेत्री संतोष सैनी ने महिला मोर्चा की ओर से शहीदों को नमन करते हुए कहा कि एक माँ, एक बहन, और एक पत्नी के रूप में देश की महिलाओं ने भी इस बलिदान में भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि जब कोई बेटा या पति शहीद होता है, तो पूरा परिवार देश के लिए बलिदान देता है।कार्यक्रम के आयोजन की समग्र व्यवस्था भाजपा मंडल बंगाणा द्वारा संभाली गई । कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों के साथ हुआ, जिससे माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।यह आयोजन सिर्फ एक स्मरण दिवस नहीं, बल्कि शहीदों के सम्मान में भाजपा की गहरी संवेदनशीलता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बन गया, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।
यह रहे मौजूद – इस कार्यक्रम में कुटलैहड़ भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो,मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़,राज कुमार वर्मा,उपाध्यक्ष राज कुमार मनकोटिया,जिला पार्षद कृष्ण पाल शर्मा, वीडीसी सदस्य जोगेंद्र देव आर्य,उपप्रधान जीवन शर्मा,सुषमा ठाकुर,संतोष सैनी,कर्नल रघुबीर सिंह,कर्नल के सी शर्मा, अभय सिंह राणा,जोगेंद्र ठाकुर, राजेंद्र ठाकुर के अलावा बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद रहे।



























