दीपावली की पूर्व संध्या पर बरपा कहर
बददी 28 अक्तूबर (शांति गौतम) दीपावली की पूर्व संध्या पर औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के निकट सब्जी मंडी में बीती रात भयंकर आग लगी जिसमे 8 दुकानें जलकर राख हो गयी। ग्राम पंचायत सूरजपुर में लगने वाली सब्जी मंडी के सब्जी विक्रेता विशाल ने बताया कि करीब 12 बजे ये आग लगी तो उन्हें साथ कि सब्जी की दुकानों में सो रहे सब्जी विक्रेता ने फोन कर आग लगने की जानकारी दी। उन्होंने तुंरत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी अग्निशमन विभाग की गाडी ने 15 मिंट में आकर आग पर काबू पाया लेकिन तब तक उनकी दुकान सहित 7-8 सब्जी की दुकानें जल चुकी थी। दिवाली के उत्साह सभी सब्जी , फल और मछली विक्रेता अधिक मात्रा में सब्जी और मछली लाये थे उन्हें उ मीद थी दिवाली पर अच्छा व्यवसाय होगा मगर उनके सब सपने आग में जल चुके थे। इन सब्जी विक्रेताओं के परिवारों में इस आग ने अंधेरा कर दिया उनकी खुशियां छीन ली अब उन्हें चिंता सता रही है कि इस नुकसान से कैसे उबर सकेंगे। ग्राम पंचायत सूरजपुर के प्रधान ने अग्निकांड पर दुख जताया । उन्होने बताया कि पुलिस विभाग को सूचना दे दी गयी है और सब्जी विक्रेताओं की प्रशासन की और से मदद के लिये सहायता का आस्वासन दिया। वहीं फायर आफिसर देवेंद्र कुमार बददी ने बताया कि सूचना मिलते ही हमारी टीम वहां पहुंच गई थी और हमने 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया था। वहीं थाना प्रभारी बरोटीवाला बहादुर सिंह ने कहा कि हादसे में किसी भी प्रकार का जानी नुक्सान नहीं हुआ है और उस समय सब दुकानदार अपने अपने घरों में सो रहे थे। उन्होने कहा कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। आग से जो दुकानदार प्रभावित हुए हैं उसमें बरोटीवाला के निकट सब्जी मंडी के गोरख पुत्र राम प्रसाद गांव नोतनवा, जिला महाराजगंज उत्तर प्रदेश इसके दो लडके व एक लडकी हैं, अनवर हुसैन पुत्र बशीर खान, गांव सिलावली थाना टुंडला, जिला फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश, काकली माझी पत्नी संजू, गांव डाक सडकपूर जिला मुर्शीबाद पश्चिमी बंगाल जिसकी एक बेटी है, इसी पते का संजू पुत्र नारायण मंडल, ममता देवी पत्नी रमेश कुमार गांव डाक सलामपुर, जिला गाजीपुर तहसील कासीमाबाद उत्तर प्रदेश जिसकी चार बच्चे हैं, प्रवेश वर्मन पुत्र धानेश्वर वर्मन, गांव हजरतपुर, डा डालीमगान, तहसील कलोयागंज पश्चिम बंगाल व अशोक कुमार चौधरी पुत्र रघुनाथ चौधरी गांव हैतिमपुर जिला गाजीपुर डा महाराजगंज उत्तर प्रदेश जिसके चार लडकियां व एक लडका है प्रभावित हुए हैं। सभी सब्जी व मछली विक्रेता थोक मंडी से जैसे तैसे उधार से अपना अपना सामान लेकर आए थे ताकि दीवाली पर उसको बेच कर कुछ कमाई की जा सके लेकिन यहां पर एक दिन पहले ही उनका सब कारोबार जरा सी चिंगारी से राख हो गया और वह तथा उनके परिवार कर्जे तले तो आ ही गए वहीं उनको रोजी रोटी के लाले भी पड गए। जिला भाजपा सचिव बलविंद्र ठाकुर व स्थानीय बीडीसी सदस्य अनिल शर्मा ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को उचित मदद देने की गुहार की है। कुछ दुकानदारों ने आशंका जाहिकर की उनकी दुकानों में आग लगने का कोई चांस नहीं है और किसी शरारती तत्व ने रंजिशन उनकी दुकानेें आगे के हवाले की है। उन्होने पुलिस प्रशाासन से आग्रह किया है कि आसपास के स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में देखकर पता लगाया कि उनकी दुकानों में आग लगी है या जानबूझकर लगाई गई है। समस्त प्रभावित परिवार व उनके परिजनों के लिए इस बार की दीवाली काली दीवाली साबित हुई है।






























