जिला खेल परिषद की बैठक डीसी संदीप कुमार की अध्यक्षता में हुई संपन्न
जसवाल , ऊना (28 सितंबर)- जिला खेल परिषद की बैठक उपायुक्त ऊना संदीप कुमार की अध्यक्षता में इंदिरा खेल परिसर में हुई। बैठक में डीसी ने बताया कि इंदिरा खेल परिसर की मरम्मत पर 1.57 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। जिसके अंतर्गत इनडोर स्टेडियम की छत्त का सुधार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ग्राउंड के चारों ओर बाड़बंदी की जाएगी और इंटर लॉक टाइल्स लगाई जाएंगी। मरम्मत का कार्य हिमुडा के माध्यम से करवाया जाएगा। उन्होंने सोमवार से मरम्मत का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए और कहा कि काम में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए, ताकि खिलाड़ियों को अच्छी सुविधाएं प्रदान की जा सकें।
इनडोर स्टेडियम में बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए अलग से चेंजिंग रूम बनाने पर भी बैठक में चर्चा हुई। संदीप कुमार ने कहा कि सभी खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है और खिलाड़ियों के लिए आधारभूत ढांचा सुधारने का प्रयास किया जा रहा है। सभी खेल संघों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऊना पूरे हिमाचल प्रदेश में खेलों के क्षेत्र में अग्रणी जिला है, जिसका श्रेय यहां के प्रतिभावान खिलाड़ियों व उनके साथ परिश्रम करने वाले कोच व अन्य स्टाफ को जाता है। डीसी ने कहा कि हमें जिला के खिलाड़ियों का स्तर अधिक बेहतर बनाने के लिए प्रयास करने होंगे, ताकि वह अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रौशन कर सकें। इस दिशा में सभी को मिलजुल कर कार्य करना होगा, तभी प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
बैठक में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने इंदिरा स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के बारे में अपने विचार साझा किया, जिन्हें उपायुक्त ने ध्यानपूर्वक सुना। बैठक में एडीसी अरिंदम चौधरी, डीएसपी अशोक वर्मा, जिला खेल अधिकारी एमपी भराड़िया, हिमुडा के अधिकारी तथा जिला के विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




























