वीरेंद्र कंवर ने थाना कलां में की राष्ट्रीय पोषण माह के समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता
जसवाल ,ऊना (30 सितंबर)- जिला स्तरीय राष्ट्रीय पोषण माह का समापन थाना कलां में हुआ, जिसकी अध्यक्षता ग्रामीण विकास, पंचायती राज, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने की।
इस अवसर पर कंवर ने कहा कि बीमारियों से दूर रहने के लिए संतुलित आहार आवश्यक है। गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार मिलना चाहिए क्योंकि अगर मां स्वस्थ होगी तो बच्चा भी स्वस्थ होगा। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ अभियान के लिए देश के 10 श्रेष्ठ जिलों में हिमाचल प्रदेश के सिरमौर, मंडी और शिमला जिले को आंका गया है। इसके लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सहजल के साथ-साथ उनके सभी अधिकारी व कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि एक समय लिंगानुपात के मामले में ऊना जिला की स्थिति चिंताजनक थी लेकिन अब अधिकारियों व कर्मचारियों ने इस मामले पर व्यापक जागरूकता लाई, जिसका परिणाम है कि आज जिला में 0-6 वर्ष आयु वर्ग में लिंगानुपात को 875 से बढ़ाकर 923 कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-व बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जिला प्रशासन ने बेटियों वाले परिवारों को डीसी कार्ड प्रदान किए हैं और उन्हें सरकारी कार्यालयों में प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि आज ऊना जिला की बेटियां प्रदेश में ही नहीं बल्कि देश भर में जिला का नाम रौशन कर रही हैं।
वीरेंद्र कंवर ने दिलाई शपथ
कार्यक्रम में वीरेंद्र कंवर ने पोषण अभियान के तहत शपथ भी दिलाई और कहा कि सभी लोग कुपोषण की समस्या को दूर करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को फर्नीचर के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।
101 कन्याओं का किया पूजन
इस कार्यक्रम में नवरात्र के उपलक्ष्य पर ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने 101 कन्याओं का पूजन किया। यह कार्यक्रम बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत आयोजित किया गया। साथ ही उन्हें उपहार भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर आधारित गाना भी लॉन्च किया गया। इस गाने को जलग्रां निवासी जरनैल राय ने गाया है।
5 गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई
कार्यक्रम के दौरान 5 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म भी अदा की गई। साथ ही पांच बच्चों का अन्न प्राशन भी कराया गया, जिससे तहत 6 माह की आयु पूरा करने वाले बच्चों को पहली बार भोजन खिलाया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने किए ब्लड टेस्ट
पोषण माह के समापन पर स्वास्थ्य विभाग ने 69 महिलाओं के हिमोग्लोबिन टेस्ट भी किए। इस अवसर पर एसडीएम विशाल शर्मा, बीडीओ सोनू गोयल, जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस सतनाम सिंह, सीडीपीओ हरीश मिश्रा, बीएमओ डॉ. आंगरा, एसडीओ आईपीएच हरभजन सिंह, जिला परिषद सदस्य इंदुबाला, मुच्छाली ग्राम पंचायत प्रधान अनीता शर्मा, भाजपा कार्यकारिणी सदस्य विजय शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






























