प्रधान रूबीन कुमार ने किया बड़ा ऐलान—एक साल में बनेगा पंचायत भवन, दो खेल मैदान, हर गांव तक पहुंचेगी सड़क और पेयजल सुविधा
बीएचटी न्यूज, परवाणू।ग्राम पंचायत कोटीनाम्ब की नवगठित पंचायत की पहली ग्राम सभा बुधवार को प्रधान रूबीन कुमार की अध्यक्षता में जोश, उत्साह और विकास के संकल्प के साथ सम्पन्न हुई। ग्राम सभा में पंचायत के समग्र विकास को नई दिशा देने वाले कई ऐतिहासिक एवं जनहितकारी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।बैठक में प्रधान रूबीन कुमार ने पंचायतवासियों से किए गए विकास के वादों को प्राथमिकता देते हुए घोषणा की कि एक वर्ष के भीतर अत्याधुनिक पंचायत भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा पंचायत क्षेत्र में दो आधुनिक खेल मैदान विकसित किए जाएंगे, सड़क सुविधा से वंचित प्रत्येक गांव को सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। एनएच 5 से निचला दतियार तक, कुटाहघाट बाऊडी़ से चावला गांव पटियाणा तक, शमलोग गांव से शोघ गांव तक, चक्की मौड़ भोजनगर सड़क से कोटी बाग, चक्की मौड़ किम्मूघाट सड़क से नाथपानी स्कीम तक,सरी गांव में दोबारा से डिस्पेंसरी शुरू करवाने तथा किम्मू घाट सरी चक्की मौड़ परवाणू बस सेवा दोबारा शुरू करने आदि सभी प्रस्तावों को डाला गया है।उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित पेयजल योजना को धरातल पर उतारने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।ग्राम सभा में ग्रामीणों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। 115 से अधिक ग्रामीणों की उपस्थिति के साथ कोरम पूर्ण हुआ, जो पंचायत के प्रति लोगों के विश्वास और विकास में सहभागिता का प्रतीक रहा। बैठक के दौरान पंचायत क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकताओं, आधारभूत सुविधाओं और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही वीबीजीआरएएमजी एवं 16वें वित्त आयोग के अंतर्गत कराए जाने वाले विकास कार्यों की शेल्फ तैयार कर सर्वसम्मति से स्वीकृत की गई।प्रधान रूबीन कुमार ने कहा कि पंचायत का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि प्रत्येक योजना को तय समय सीमा में धरातल पर उतारना है ताकि पंचायत क्षेत्र के हर परिवार को विकास का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।बैठक में पंचायत उपप्रधान रोहित शर्मा, वार्ड सदस्य भानु देवी, बिना देवी, लोकेश, यशपाल, कुंदन लाल, रीता देवी एवं सारिका, बीडीसी सदस्य संजय, पूर्व पंचायत उपप्रधान लक्ष्मी दत्त अत्री, ग्राम सुधार सभा धाटी के अमर सिंह कटोच, महेंद्र ठाकुर, यशपाल तथा ग्राम सुधार सभा कोटी के महेंद्र संधू, परस राम, मुंशी राम सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।






























