मुख्यमंत्री ने ली मतदान करने की शपथ ,कहा लोकतंत्र की मजबूती के लिए वोट डालना जरूरी
शहर के प्रबुद्धजनों ने भी ली वोट डालने और डलवाने की शपथ
करनाल, आशुतोष गौतम (14 अक्तूबर) मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने राजनीति, व्यापार, मनोरंजन, कला, खेल, और मीडिया जगत की हस्तियों से अपील की कि वे मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक बनाने में मदद करें, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक लोग मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने प्रदेशवासियों से मतदान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो। मुख्यमंत्री मतदाता जागरूकता के लिए सामाजिक संगठनों द्वारा आयोजित समारोह में बोल रहे थे। इस दौरान सामाजिक संगठनों ने मुख्यमंत्री को भी मतदान करने की शपथ दिलाई। समाजसेवी राजीव मल्होत्रा ने शहर के प्रबुद्ध लोगों को शपथ दिलाते हुए अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाताओं खासकर युवा मतदाताओं से मजबूत लोकतंत्र के लिए भारी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने चार अनुरोध करते हुए वोटर के रूप में पंजीकृत करने का, मतदाता सूची में अपने नाम की जांच करने, चुनाव की तारीखों के अनुरूप अपने कार्यक्रम सोच-समझ कर तय करने और मतदान के लिए दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की। मतदाता जागरुकता प्रयासों को मजबूत करने के लिए सभी से आग्रह किया और कहा कि हम सभी यह सुनिश्चित करें कि 2019 के इस चुनाव में सब अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें।
निफा के अभियान की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि निफा के साथ साथ जिन सामाजिक संगठनों ने ये मतदाता जागरूकता अभियान चलाया है यह सराहनीय है। मंच संचालन प्रितपाल पन्नू ने किया। उन्होंने कहा कि करनाल की जनता ने ठान लिया है कि इस बार करनाल में सबसे ज्यादा मतदान होगा।
जनतांत्रिक प्रणाली में मतदान महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री ने कहा जनतांत्रिक प्रणाली में मतदान का बहुत महत्व होता है। जनतंत्र की नींव मताधिकार पर ही रखी जाती है। इस प्रणाली पर आधारित समाज व शासन की स्थापना के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक व्ययस्क नागरिक मतदान करे। जिस देश में जितने ही अधिक नागरिकों को मताधिकार प्राप्त रहता है उस देश को उतना ही अधिक जनतांत्रिक समझा जाता है। इस प्रकार हमारा देश संसार के जनतांत्रिक देशों में सबसे बड़ा है, क्योंकि हमारे यहां मताधिकारप्राप्त नागरिकों की संख्या विश्व में सबसे बड़ी है।
अच्छे लोग आएंगे तो विकास होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जितनी ज्यादा वोटिंग होगी, उतना ही लोकतंत्र मजबूत होगा। अच्छे जनप्रतिनिधि चुनकर आएंगे, जो कि आपका, आपके क्षेत्र का खास ख्याल रखेंगे। समस्याओं के निराकरण की हर संभव कोशिश करेंगे। यह लोकतंत्र का महापर्व है। सबको इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। वोट ही जनता की असली ताकत है, वह इसका प्रयोग जरूर करे। अब घर बैठने से काम नहीं चलेगा। वोटर घर से निकलें। वोट देकर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष जगमोहन आनन्द, जिला महामंत्री योगेंद्र राणा, ब्रिज गुप्ता, भारतभूषण कपूर, मनोज वधवा, पूर्व मंत्री शशिपाल मेहता, अशोक भंडारी, रमेश मिढा, मदनमोहन चौधरी, निफा अध्यक्ष प्रीतपाल पन्नू, समाजसेवी प्रवेश गाबा, कुलजिंद्र मोहन बाठ, व्यापार मंडल के अध्यक्ष कृष्ण लाल तनेजा, राजीव मलहोत्रा, हरदीप वालिया, आकाश भट्ट, एडवोकेट राजेश शर्मा, एसपी चौहान, एडवोकेट नरेश बराना, एडवोकेट संजय मदान, किशोर नागपाल, ब्रह्मकुमारी विश्व विद्यालय केंद्र की बहनें, राइस मिलर्स के प्रधान विनोद गोयल, आर्ट ऑफ लिविंग के सभी सदस्य, योग शिक्षक दिनेश गुलाटी, जेआर कालड़ा, रूप नारायण चांदना, नरेंद्र भांबा, डॉ हिमांशुदत्त शर्मा, सुशील शर्मा, यशवीर सिंह, कविंद्र राणा, एडवोकेट संजय अरोड़ा, डॉ राजेश शर्मा, डॉ दीनानाथ वधवा, डॉ तेजेंदर कौर, विनोद गोयल मुख्य रूप से मौजूद रहे।































