मेयर और मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी ने मनोहरलाल के लिए मांगे वोट
करनाल, आशुतोष गौतम (15 अक्तूबर) भाजपा की पुन: सरकार बनने पर हम हर गांव में दैनिक बस सेवा शुरू करेंगे। मुख्य व संवेदनशील जगह पर सीसीटीवी, जिम, बैंकिंग सेवा उपलब्ध कराएंगे। यह बात वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मुख्यमंत्री मनोहरलाल के पूर्व ओएसडी अमरेंद्र सिंह व मेयर रेणू बाला गुप्ता ने जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मनोहरलाल खट्टर मुख्यमंत्री होने के साथ साथ करनाल के विधायक हैं। अब फिर वे करनाल विधानसभा से प्रत्याशी हैं। उन्होंने करनाल में अनगिनत विकास कार्य कराए हैं। उन्होंने कहा कि हमने अपने संकल्प पत्र में वायदा किया है कि पुन: भाजपा की सरकार बनने पर महाग्राम स्तर पर बायो गैस प्लांट लगेंगे। लाल डोरे के अंदर की प्रॉपर्टी का भी मालिकाना हक प्रॉपर्टी रिकार्ड में दर्ज कराने का प्रावधान करेंगे। पंचायतों को अपना बजट तैयार करने का अधिकार देंगे वहीं चकबंदी को ग्राम सभा की सिफारिश पर फिर खोला जाएगा।वार्षिक हरियाणा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश में स्पेशल टूरिज्म जोन बनेंगे। फिल्म जगत के लिए हरियाणा को आकर्षण का केंद्र बनाएंगे।हर घर में नल से शुद्ध जल, मुख्यमंत्री शुद्घ जल योजना लागू करेंगे व रिवर क्लीनिंग टॉस्क फोर्स की स्थापना होगी। हरियाणा ग्राउंड वाटर बोर्ड की स्थापना हमारी प्राथमिकता होंगी। इस अवसर पर श्रम कल्याण बोर्ड के सदस्य सतीश गुप्ता, समाजसेवी भारतभूषण कपूर, समाजसेवी राजकुमार गुप्ता, बीआर मदन, एडवोकेट संजय मदान, पार्षद रजनी प्रोचा, एडवोकेट राजेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष दीपक गुप्ता, भूपेन्द्र नौतन, सुनील गोयल, कुलदीप शर्मा, मनमीत बावा, संजय गांधी मौजूद रहे।

































