माता सुंदरी खालसा कॉलेज निसिंग की काजल ने पाया पहला स्थान
करनाल, आशुतोष गौतम (16 अक्तूबर) रेलवे रोड स्थित गुरू नानक खालसा कॉलेज में जिला निर्वाचन कार्यालय के सौजन्य से जिला स्तरीय संभाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मेरा वोट मेरा अधिकार विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में जिला करनाल के विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कॉलेज की प्राचार्या डा. सीमा शर्मा ने शिरकत की एवं सभी विद्यार्थियों को 21 अक्तूबर को अधिक से अधिक मतदान करने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने वोट की ताकत पर प्रकाश डाला। माता सुंदरी खालसा कॉलेज करनाल से आई रितु ने कहा कि मैं वोट हूं, तुम मेरी ताकत को जानो। केवीडीएवी कॉलेज की प्रियंका व मोनिका ने कहा कि इस बार वे पहली बार वोट डालेंगी। इसलिए उनके मन में उत्साह एवं रोचकता है। हिंदी विभाग के अध्यक्ष डा. बीर सिंह एवं प्रो. बलजीत कौर ने मंच का संचालन किया। प्रो. अंजू चौधरी तथा मनीषा झा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। संभाषण में माता सुंदरी खालसा कॉलेज निसिंग की काजल ने पहला, राजकीय महिला कॉलेज करनाल की आंचलन ने दूसरा, गुरू नानक खालसा कॉलेज के शुभम शर्मा ने तीसरा तथा केवी डीएवी कॉलेज करनाल की प्रियंका ने प्रोत्साहन पुरस्कार जीता। सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया।

































