स्कूली बच्चों को किया नशे के नुकसान बारे जागरूक
नीना गौतम कुल्लू, 01 नवंबर। नशा न केवल व्यक्ति को मानसिक और शारीरिक तौर पर हानि पहुंचाता है, बल्कि व्यक्तित्व को भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। यह बात बिटिया फाउंडेशन की जिला अध्यक्ष पुष्पा शर्मा ने कुल्लू के उपनगर मोहल स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में कृमि दिवस के मौके पर जागरूकता अभियान के दौरान कही। पुष्पा ने कहा कि बच्चों को अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए और बुरी आदतों से बचने के लिए किसी न किसी खेल में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे इस बात को समझ लें कि नशे से कितने घर-परिवार बर्बाद हो जाते हैं और नशेड़ी को समाज भी बुरी नजर से देखता है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को और अध्यापकों को हर समय बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए। बच्चों को कुसंगति से बचना चाहिए और यदि ऐसे दोसत मिलते हैं जो नशे के लिए उकसाए उनका हमेशा के लिए परित्याग कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा करने वाले बच्चे अक्सर तनावपूर्ण जीवन यापन करते हैं और कभी-कभार उनका जीवन भी दाव पर लग जाता है। समाज में अनेक माध्यमों से नशे से बचने के लिए हालांकि जागरूकता उत्पन्न की जा रही है लेकिन जब तक प्रत्येक व्यक्ति इसमें सहयोग नहीं करेगा तब तक इस बुराई को समाप्त करना मुमकिन नहीं है। पुष्पा शर्मा ने बताया कि बिटिया फाउंडेशन लगातार सामाजिक बुराईयों के विरूद्ध लड़ाई लड़ रही है और अनेक स्कूलों में इस प्रकार के जागरूकता शिविरों का आयोजनकर चुकी है। उन्होंने फाउंडेशन के इस प्रयास में लोगों से सहयोग करने की अपील की है। स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखें।































