करनाल का राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र देश के श्रेष्ठï सूचना विज्ञान केन्द्रों में से एक: रचना श्रीवास्तव
करनाल, आशुतोष गौतम (22 नवंबर) नागरिकों की फीडबैक और इंफ्रास्ट्रक्चर के आधार पर करनाल के राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र को, एनआईसी की हरियाणा स्टेट कोर्डिनेटर व उपनिदेशक (जनरल) रचना श्रीवास्तव ने इसे देशभर में जिला मुख्यालयों पर संचालित श्रेष्ठï एनआईसी में से एक करार दिया। रचना श्रीवास्तव शुक्रवार को अपने हरियाणा दौरे पर थी। अम्बाला और कुरूक्षेत्र के बाद उन्होंने करनाल आकर एनआईसी द्वारा दी जा रही सेवाओं का अवलोकन किया। उनके साथ एनआईसी दिल्ली मुख्यालय के तकनीकी निदेशक कपिल शर्मा, एनआईसी हरियाणा के वरिष्ठ तकनीकी निदेशक दीपक बंसल तथा डीआईओ महिपाल सीकरी व एडीआईओ परविंद्र सिंह भी थे। रचना श्रीवास्तव ने अपनी विजिट के दौरान सबसे पहले सैक्टर 12 स्थित लघु सचिवालय के भूतल पर एनआईसी द्वारा चलाए जा रहे सरल केन्द्र का भ्रमण किया। उन्होंने सरल केन्द्र में आई जनता से इसमें दी जा रही सेवाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर संवाद किया और जनता की संतुष्टि को देखकर खुश हुई। इसके पश्चात इसके निकट ही तहसील कार्यालय स्थित सरल केन्द्र का भी भ्रमण किया। करीब आधे घंटे की अपनी विजिट के दौरान रचना श्रीवास्तव ने दोनों जगहों के सरल केन्द्रों में दी जा रही सेवाओं की जानकारी लेने में काफी रूचि दिखाई और यहां काम कर रहे स्टाफ के साथ-साथ जूनियर प्रोग्रामर, डाटा एंट्री आपरेटर तथा एनआईसी के डीआईओ व एडीआईओ की मुक्त कंठ से सराहना की और कहा कि जिस मकसद को लेकर सरल केन्द्र बनाए गए थे, वह यथार्थ में पूरा हो रहा है। इसके बाद उन्होंने लघु सचिवालय के प्रथम तल पर स्थित कांफ्रैंस हाल का भी भ्रमण किया। हाल में मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर को देखकर वह तारीफ किए बिना नहीं रह सकी और उपायुक्त का नाम लेकर उन्होंने इसकी भरपूर सराहना की। रचना श्रीवास्तव ने अपने दौरे के समापन पर कहा कि उन्होंने हरियाणा के साथ-साथ देश के भिन्न-भिन्न भागों में जाकर वहां के जिला मुख्यालयों पर स्थित एनआईसी के कार्यालय व उनकी गतिविधियां देखी हैं लेकिन करनाल आकर उन्हें बहुत ही खुशी हो रही है कि यहां उम्मीद से भी ज्यादा काम हो रहा है और इससे जनता को सुविधा मिल रही है।

































