किसानों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में किया गया जागरूक
जसवाल, ऊना (27 नवंबर)- नशे के विरुद्ध छेड़े गए विशेष जागरूकता अभियान के तहत आज कृषि विज्ञान केंद्र ऊना में किसानों को इस सामाजिक बुराई के प्रति सचेत किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने की।
डीसी ने उपस्थित लोगों से कहा कि प्रदेश सरकार ने 15 नवंबर से 15 दिसंबर 2019 तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया है, जिसके अंतर्गत विभिन्न विभाग अनेक स्थानों पर जाकर समाज के हर वर्ग को नशे के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक महीने तक चलने वाला अभियान ही न बनकर रह जाए, बल्कि हम सभी को प्रण लेना चाहिए कि सारी उम्र हम न तो नशा करेंगे और दूसरों को भी नशा न करने के लिए प्रेरित करेंगे।
संदीप कुमार ने कहा कि नशा माफिया के बारे में कोई भी जानकारी प्रशासन के साथ साझा करें ताकि युवा पीढ़ी को खोखला करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि किसानों को भी इस अभियान में बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए और नशे के प्रति सभी को सचेत करना चाहिए। नशे की दलदल में फंस चुके व्यक्तियों की भी इससे बाहर निकलने में मदद की जानी चाहिए। उन्होंने उपस्थित सभी व्यक्तियों को शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में एसडीएम ऊना डॉ. सुरेश जसवाल, आयुर्वेद विभाग से डॉ. जगजीत कुमार देहल, पुलिस विभाग से सब इंस्पेक्टर सर्बजीत सिंह, मास्टर ट्रेनर अश्वनी कुमार, तहसील कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह दलाय तथा उप निदेशक उद्यान विभाग डॉ. सुभाष चंद ने भी नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर एसडीएम ऊना डॉ. सुरेश जसवाल, कृषि उप निदेशक डॉ. सुरेश कपूर, उद्यान विभाग से केके भारद्वाज, डॉ. पूजा सैणी, दीपक कौशल, उमा देवी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






























