हैफेड के चेयरमैन सुभाष चंद्र कत्याल, पूर्व विधायक स. बख्शीश सिंह विर्क रहे उपस्थित

करनाल, आशुतोष गौतम (28 नवंबर) हरियाणा के सहकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग मंत्री डा. बनवारी लाल ने बुधवार को हैफेड चीनी मिल असंध में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्रोच्चारण के बीच 12वें पिराई सत्र 2019-20 का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर हैफेड के अध्यक्ष सुभाष चंद्र कत्याल, पूर्व विधायक स. बख्शीश सिंह विर्क, हैफेड के प्रशासक नरेन्द्र भ्याना, एसडीएम एवं महाप्रबन्धक, हैफेड चीनी मिल असन्ध अनुराग ढालिया, डीएसपी दलबीर सिंह, भाजपा नेता अमर ठक्कर, राजीव अरड़ाना, रविदत्त कौशिक, जेजेपी नेता सतीश बल्हारा, किसान नेता बिजेन्द्र राणा, हैफेड के उच्च अधिकारी व काफी संख्या में गन्ना किसान उपस्थित रहे। सहकारिता मंत्री ने इस मौके पर उपस्थित किसानों, मिल अधिकारी व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हैफेड चीनी मिल असन्ध में वर्ष 2008-09 में केवल 1.1 लाख क्विंटल गन्ना उपलब्ध था, जो किसानों के सहयोग से मिल ने पिछले वर्ष 37.11 लाख क्विटंल गन्ना पिराई करके 3.62 लाख क्विटंल चीनी बनाकर नया कीर्र्तिमान स्थापित किया है तथा किसानों को लगभग 126.12 करोड़ रूपये गन्ने का भुगतान समय पर किया। उन्होंने कहा कि पिराई सत्र 2019-20 के लिए मिल द्वारा गन्ना विकास योजना पर लगभग 165.33 लाख रुपये किसानों को ब्याज मुक्त ऋण दिया गया और 8.37 लाख रुपये सब्सिडी के रुप में खर्च किए गए। इस वर्ष 2019-20 के लिए गन्ना पिराई का लक्ष्य 36 लाख क्विंटल व रिकवरी का लक्ष्य 10.50 प्रतिशत रखा गया है एवं 2 मेगावाट बिजली का उत्पादन करके हरियाणा ग्रिड (उत्तर हरियाणा बिजली निगम) को अनुमानित 40 लाख यूनिट बिजली का निर्यात किया जाएगा। पिछले वर्षों में मिल ने तकनीकी दक्षता और वित्तीय प्रबन्धन में कई पुरस्कार प्राप्त करके क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी शुगरमिल के कर्मचारी टीम वर्क के रूप में कार्य करते हुए पुरस्कार हासिल करते रहेंगे। सहकारिता मंत्री ने किसानों से कहा कि हैफेड गन्ना मिल क्षेत्र के बॉन्डिड गन्ने को खरीदेगी व जब तक गन्ने की उपलब्धता होगी तब तक हैफेड चीनी मिल को चलाया जाएगा। उन्होंने मिल के कर्मचारियों व अधिकारियों को यह भी कहा कि पिराई सत्र 2019-20 में चीनी की औसत 10.50 प्रतिशत की रिकवरी मिल द्वारा अवश्य प्राप्त की जाए। उन्होंने हैफेड द्वारा दी जा रही किसानों को विभिन्न सुविधाओं की भी सराहना की और कहा कि भविष्य में भी किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न आने दें। उन्होंने किसानों की ओर से रखी गई मांगों को भी पूरा करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वे मिल में साफ सुथरा गन्ना लेकर आएं।इस अवसर पर हैफेड के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री हरियाणा सुभाष चन्द्र कत्याल ने बताया की चीनी मिल असन्ध द्वारा किसानों के प्रोत्साहन के लिए किसानों को विभिन्न सुविधाओं के रुप में जैसे कि ब्याज मुक्त ऋण पर गन्ना बीज, उर्वरक व कीटनाशक उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों के प्रोत्साहित करते हुए कहा कि असन्ध चीनी मिल के अन्र्तगत क्षेत्र में गन्ने की बिजाई का क्षेत्रफल बढ़ाने के लिए हैफेड 2020-21 के लिए आकर्षक गन्ना विकास योजना तैयार कर रही है। हैफेड द्वारा किसानों को गन्ने की कीमत का भुगतान अति शीघ्र सीधे किसान के खाते में जमा करवाने व किसानों को सुविधाएं उपलब्ध करवाकर एक मिसाल स्थापित की है। उन्होंने सहकारिता मंत्री से अनुरोध किया कि मिल की क्षमता बढ़ाने के कार्य में तेजी लाई जाए ताकि अगले वर्ष बढ़ी हुई क्षमता के साथ मिल को चलाया जा सके। शुगरमिल के महाप्रबंधक अनुराग ढालिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि चीनी मिल में गन्ना इकाई में अधिक पारदर्शिता लाने के लिये नई तकनीक अपनाई गई है जिसके तहत तौल कांटो पर स्वचालित कंाटे लगाए गए हैं व ट्रालियों व ट्रैक्टर के रिकार्ड बनाऐ रखने के लिए कैमरे भी लगाए गए हैं। गन्ना किसानों की सुविधा के लिये उन्हें एडवांस गन्ना आपूर्ति कैलेंडर दिए जाएंगे। किसानों को मोबाइल सन्देश द्वारा उनकी गन्ना सर्वे, गन्ना पेमेन्ट व पर्ची ब्यौरा भेजा जाता है। उनके गन्ने की कैलेंडरिंग हैफेड की वैबसाइट पर भी उपलब्ध करवाई जाऐगी। किसानों की सुविधा के लिए मिल गेट पर पूछताछ केन्द्र भी खोला गया है। उन्होंने बताया कि मिल की कार्य कुशलता को बढ़ाने के लिए किसान विश्राम ग्रह भी खोला हुआ है जिसमें एल.सी.डी., आर. ओ. की सुविधाएं दी गई हैं। मिल की कार्यकुशलता को बढ़ाने के लिए सी.सी.टी.वी. कैमरे भी लगे हुऐ हैं। भूमि की उपजाऊ शक्ति व गन्ने की पैदावार को बढ़ाने के लिए किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर मैली उपलब्ध करवाई जा रही हंै। किसान भाईयों की मांग पर हांसी-बुटाना नहर की पटरी पर शुगर मिल से सालवन तक रोड़ का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जिससे किसानों को मिल तक अपना गन्ना लाने में सुविधा होगी। उन्होंने किसानों से पूर्ण सहयोग की कामना की तथा ताजा व साफ गन्ना बिना गोला-पत्ती के अपनी पर्ची तिथि के अनुसार मिल में लाने के लिए कहा।
: गन्ना पिराई सीजन समारोह में ये किसान हुए सम्मानित
सहाकारित मंत्री डा. बनवारी लाल ने गन्ना पिराई सीजन शुभारंभ अवसर पर सबसे पहले गन्ना की ट्राली मिल में लेकर आने वाले दो किसानों को सम्मानित किया। इनमें कबूलपुर खेड़ा के रामरखा व बलविन्द्र सिंह के नाम शामिल है। इसी प्रकार पिछजे पिराई सीजन के दौरान सर्वाधिक गन्ना मिल में सप्लाई करने पर आदियाना गांव के धर्मबीर, मुआना के हेमराज को भी सम्मानित किया गया तथा इस वर्ष सर्वाधिक एरिया में नई अगेती गन्ना किस्म उगाने पर गगसीना गांव के सतेन्द्र को भी सम्मानित किया गया।































