ऊना जिला में 15 दिसंबर तक प्रत्येक परिवार के पास होगा रसोई गैस कनेक्शन
जसवाल, ऊना (30 नवंबर)- जिला ऊना में प्रत्येक परिवार को रसोई गैस का कनेक्शन 15 दिसंबर तक प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। यह जानकारी उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने शनिवार को बचत भवन में संवाद कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों को दी। उन्होंने कहा कि प्रवासियों को भी गैस कनेक्शन प्रदान किया जाएगा ताकि कोई भी परिवार बिना रसोई गैस के कनेक्शन के छूट न जाए। इसके लिए स्कूलों में विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भी सहायता ली जाएगी, ताकि बिना कनेक्शन के रह रहे प्रवासियों की सही संख्या का पता लगाया जा सके और उन्हें रसोई गैस प्रदान की जा सके। डीसी ने कहा कि प्रवासियों को गैस कनेक्शन मिलने से हर साल आग लगने की घटनाओं में भी कमी लाई जा सकेगी और जान-माल का नुकसान कम किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि एक महीने बाद वह इसी मामले पर खाद्य आपूर्ति विभाग के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। संवाद कार्यक्रम में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विजय सिंह हमलाल ने बताया कि जिला में उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 10,242 परिवारों तथा गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत 14,339 परिवारों को गैस कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिला में सिर्फ 1685 परिवार ही बिना कनेक्शन के रह गए हैं और उन्हें भी जल्द ही रसोई गैस कनेक्शन प्रदान कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि निशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान करने को राशन कार्ड व आधार नंबर के साथ लिंक किया गया है ताकि एक परिवार को दो-दो कनेक्शन न मिल पाएं और योजना का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंच सके। इस योजना के अंतर्गत प्रदेश सरकार रसोई गैस का सिलेंडर, चूल्हा, पाइप व रेगुलेटर निशुल्क प्रदान करती है, साथ ही एक रिफिल सिलेंडर भी निशुल्क दिए जाने का प्रावधान किया गया है।
हमलाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गृहिणी सुविधा योजना में आंशिक संशोधन किया है। संशोधित अधिसूचना के अनुसार अब उन सभी हिमाचली परिवारों को घरेलू गैस के कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे, जो 2 अक्टूबर 2019 या इससे पूर्व अस्तित्व में आए हैं व जिन्होंने अपने से या राज्य व केंद्र सरकार द्वारा प्रयोजित योजना के अंतर्गत घरेलू गैस कनेक्शन प्राप्त नहीं किया है।






























