निगम की 6 सदस्यी कमेटी के अधिकारी शौचालयों का निरीक्षण कर जरूरत अनुसार सामान कराएंगे उपलब्ध
करनाल, आशुतोष गौतम ( 5 दिसंबर ) नगर निगम क्षेत्र में उपलब्ध शौचालयों के रख-रखाव को सुनिश्चित बनाने के लिए निगम ने प्रयास बढ़ा दिए हैं। इसे लेकर आयुक्त निशांत कुमार यादव ने सम्बंधित अधिकारियों की बैठक लेकर जरूरी निर्देश दिए और स्पष्टï किया कि अगले सप्ताह वह कुछ एक शौचालयों का औचक निरीक्षण कर अपने आदेशों की पालना का असर देखेंगे। इस कार्य के लिए उन्होंने 6 अधिकारियों की एक कमेटी गठित कर जिम्मेदारी सौंपी। कमेटी में कार्यकारी अभियंता सतीश शर्मा, एम.ई. सुनील भल्ला व सतीश मित्तल, जे.ई. वरूण शर्मा व राम निवास तथा एक सेनेटरी इंस्पैक्टर को लिया गया। आयुक्त ने कमेटी सदस्यों को निर्देश देते हुए कहा कि वे एक-दो दिनो में शौचालयों का सर्वे करें। शहर में सुलभ शौचालयों की देख-रेख करने वाली ऑग्रेनाईजेशन के प्रतिनिधि को बुलाकर उन्हें सुलभ के साथ-साथ कुछ ओर शौचालयों को अपनाने के लिए कहा जाए और उनकी ओर से स्वीकृति के तहत जितने शौचालयों का रख-रखाव करने की हामी भरी जाए, उतने उन्हें दे दिए जाएं। बाकि के लिए निगम की ओर से शॉर्ट टर्म टैण्डर लगा दिया जाए, जो एक साल के लिए हो। टैण्डर में शौचालयों के रख-रखाव का जिम्मा लेेने वाली एजेंसी के लिए स्पष्टï शर्तें दी जाएं, जिसमें 8-8 घण्टें की दो शिफ्टों का जिक्र हो। सुबह 6 से रात के 10 बजे तक शौचालय खुले रहें और इस दौरान उनमें टूटी, पानी की टंकी, जल की उपलब्धता, मग, शीट, सिस्टर्न और गेट जैसी सुविधा उपलब्ध रहें, ताकि इनका प्रयोग करने वालों को कोई दिक्कत ना आए। जिस एजेंसी को टैण्डर अलॉट किया जाए, वह समर्पित होकर कार्य करे और शौचालयों में सारा सामान अच्छी कंडिशन का लगाएं। उन्होंने नगर के जूनियर अभियंताओं को निर्देश दिए कि अगले कुछ दिनो में अपने-अपने एरिया के शौचालयों का निरीक्षण कर वहां बेसिक चीजें उपलब्ध करवाएं। जरूरत अनुसार शौचालयो में ऐसा सामान लगाएं, जो जल्दी डैमेज ना हो और लम्बे समय तक प्रयोग में बना रहे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में शहर में 100 से भी अधिक शौचालय हैं, जिनमें 15 सुलभ, 3 शीरो रूम, 82 सीमेंट कंक्रीट निर्मित तथा 6 मोबाईल टायलेट हैं। इसके अलावा सैक्टर मार्किट व बस स्टैण्ड जैसी जगहों पर शौचालय बिल्डिंग की शेप में है, सभी की स्वच्छता का ध्यान रखना है। आयुक्त ने शौचालयों के रख-रखाव के लिए नागरिकों को भी एक जिम्मेदारी देते हुए अपील की है कि नगर निगम की ओर से जनता की सुविधा के लिए शौचालय बनवाए गए हैं। कोई भी व्यक्ति अपने शहर की सम्पत्ति समझकर इनमें लगाई गई चीजों को नुकसान ना पहुंचाए। उन्होंने शौचालयों के आस-पास स्थित दुकानदारों और जागरूक नागरिकों से भी कहा है कि वे भी शौचालयों के रख-रखाव के लिए अपनी निगरानी रखें।

































