करनाल जिले में 343 सक्रिय मरीजों की संख्या, 10 मरीजों की हो चुकी है मौत
करनाल, 29 जुलाई (आशुतोष गौतम) : बुधवार को करनाल जिले में 36 कोरोना संक्रमित मामले सामने आए। इनमें 10 केस एंटीजेन टैस्ट से तथा 26 केस आर.टी. पी.सी.आर. से पाए गए हैं। उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि जिले में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण से संदिग्ध कुल 29626 व्यक्तियों के सैम्पल लिए गए, जबकि इनमें से 28057 की रिपोर्ट नेगिटिव आई है तथा 1001 मामले पोजिटिव है, जिनमें से 10 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है, 343 एक्टिव है तथा 648 मरीज ठीक होकर अपने घर चले गए हैं। सिविल सर्जन डॉ. योगेश शर्मा ने कोविड-19 की स्थिति के बारे में विस्तार से बताया कि जिला में अब तक विदेश से आए यात्रियों की संख्या 1447 है, जिनमें से 1394 व्यक्ति 14 दिन या इससे अधिक दिनों का सर्विलांस समय पूरा कर चुके हंै। जबकि 0 से 14 दिन वाले कांटैक्टस व यात्रियों की संख्या 2255 है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मंगलवार को 18 नोटिस डिस्पले किए गए।
उपायुक्त ने करनाल जिलावासियों से अपील की है कि उनके आसपास कोई ऐसा व्यक्ति मिले जिसकी ट्रैवल हिस्ट्री बाहर की है वह तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें ताकि उसके स्वास्थ्य की जांच की जा सके और लक्षण पाए जाने पर कोविड-19 का टैस्ट किया जा सके। उन्होंने बताया कि सरकार के दिशा-निर्देशानुसार प्रशासन ने निर्णय लिया है कि जिन लोगों में कोरोना संक्रमण के लक्षण नहीं पाये जाते है, उन्हें अस्पताल में रखने की बजाए नीलोखेड़ी के नजदीक स्थित गुरूकुल में स्थापित किये गए कोविड केयर सेंटर में रखा जाता है।
































