छात्र हितों की मांगों को पूरा कराने के लिए प्रदेश में किया जाएगा आंदोलन- सुमित जागलान
करनाल, आशुतोष गौतम (पंजाब केसरी)। एबीवीपी के प्रदेश मंत्री सुमित जागलान ने बताया एक ग्यारह सूत्रीय मांग पत्र मुख्यमंत्री, राज्यपाल एवं प्रदेश के शिक्षा मंत्री को भेजा गया है। छात्र हितों की इन मांगों को पूरा कराने के लिए एबीवीपी द्वारा पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा जिसमें 28 को पूरे हरियाणा में प्रेस कॉन्फ्रेंस, 31 अगस्त को सभी जिला केंद्रों पर प्रदर्शन एवं 3 सितंबर को पंचकूला में उच्चतर शिक्षा विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। यह जानकारी प्रदेश मंत्री सुमित जागलान ने कृष्णा मंदिर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। जागलान ने बताया कि पिछले वर्ष सरकार द्वारा विभिन्न कोर्सों की फीस में बढ़ोतरी की गई थी जिसका एबीवीपी ने पुरजोर विरोध किया था उसके पश्चात उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा एक पत्र के माध्यम से जिन विद्यार्थियों से बढ़ी हुई फीस ली गई थी उनको 15 दिन में वापस करने का निर्देश दिया था परंतु आज तक प्रदेश के 50त्न से ज्यादा संस्थानों ने फीस वापस नहीं की है। इसके अलावा आगामी सत्र में विद्यार्थी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों की बहुत सारी सुविधाओं का उपयोग नहीं कर रहे हैं इसलिए उसी अनुपात में उनकी फीस में भी कटौती की जाए, शिक्षा शुल्क किस्तों में जमा कराने की सुविधा विद्यार्थियों और अभिभावकों को दी जाए। अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षा से संबंधित सभी समस्या दूर की जाए अगर ऑनलाइन परीक्षा ली जाती हैं तो पहले मॉक टेस्ट आयोजित किया जाए, प्रत्येक जिला केंद्र पर परीक्षा से सम्बंधित समस्याओं को दूर करने के लिये जिला कॉर्डिनेटर नियुक्त किये जाए, रिअपीयर के विद्यार्थियों के लिए किसी भी नोटिफिकेशन में स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है इसलिए स्थिति को स्पष्ट किया जाए एवं इस बात का ध्यान रखा जाए कि किसी भी विद्यार्थी का 1 वर्ष खराब ना हो, ऐसा 11 सूत्रीय मांग पत्र एबीवीपी द्वारा सरकार को भेजा गया है। इससे पहले भी विद्यार्थी परिषद द्वारा तालाबंदी में तीन मांग पत्र छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर सरकार को भेजे जा चुके हैं। छात्रों की मांगों के लिए विद्यार्थी परिषद हरियाणा सरकार से मांग करती है कि हरियाणा लाखों की संख्या में छात्र समुदाय का राज्य है। शैक्षणिक संस्थानों को छात्रों और उनके अभिभावकों की समस्याओं पर गौर करते हुए उनके लिए उदार रवैया अपनाना होगा जिससे कि कोई भी छात्र शैक्षिक दुनिया से बहिष्कृत ना होने पाए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एबीवीपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हितेश यादव, करनाल जिला संयोजक रवि शर्मा, सपना इत्यादि मौजूद रहे।
































