करनाल, आशुतोष गौतम (18 सितंबर) जिला निर्वाचन अधिकारी विनय प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं, सभी पांचों विधानसभाओं के रिटर्निंग अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में चुनाव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों के सहयोग से चुनाव घोषित होने से पहले ही जरूरी तैयारियां कर रहे हैं। इस चुनाव में जिले की सभी पांचों विधानसभाओं में 10 लाख 89 हजार 788 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि हरियाणा विधानसभा का चुनाव का समय काफी नजदीक है। सभी चुनाव से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी अपने संबंधित क्षेत्रों में तैयारियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में 10 लाख 89 हजार 788 मतदाताओं में से 5 लाख 76 हजार 886 पुरूष मतदाता व 5 लाख 12 हजार 902 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 19 नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 14 हजार 118 मतदाता हैं जिनमें 1 लाख 12 हजार 995 पुरूष तथा 1 लाख 1 हजार 123 महिला मतदाता, 20 इंद्री विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 96 हजार 641 मतदाता हैं जिनमें 1 लाख 4 हजार 33 पुरूष तथा 92 हजार 608 महिला मतदाता, 21 करनाल विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 38 हजार 256 मतदाता हैं जिनमें 1 लाख 23 हजार 923 पुरूष तथा 1 लाख 14 हजार 333 महिला मतदाता शामिल हैं। इसी प्रकार 22 घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 16 हजार 290 मतदाता हैं जिनमें 1 लाख 15 हजार 342 पुरूष तथा 1 लाख 948 महिला मतदाता तथा 23 असंध विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 24 हजार 483 मतदाता हैं जिनमें 1 लाख 20 हजार 593 पुरूष तथा 1 लाख 3 हजार 890 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए नजदीक बूथ बनाए गए हैं ताकि मतदाताओं को अपना वोट डालने के लिए अधिक दूर तक न जाना पड़े। मतदान केन्द्रों पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैम्प आदि की विशेष व्यवस्था की गई है।































