आंगबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं के लिए अब 10 दिसंबर तक करें आवेदन
जसवाल, ऊना (3 दिसंबर)- बाल विकास परियोजना अधिकारी धुंदला के तहत 5 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व 10 आंगनबाड़ी सहायिकाओं के पद भरने को आवदेन करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 10 दिसंबर 2019 कर दी गई है। यह जानकारी देते हुए सीडीपीओ धुंदला हरीश मिश्रा ने बताया कि पहले 1 दिसंबर तक आवेदन मांगे गए थे लेकिन अब इन पदों पर 10 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों कोट, डोहक, समूरखुर्द, अम्बेहडा, कुखेड़ा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 5 पद और आंगनबाड़ी केंद्रों नलूट, लठियाणी, राजली बनियाला, भरमौत, अनोखा टांडा, बल्ह, अम्बेहडा, अमरोह, बैरियां-11, खुरवांई में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के 10 पद भरे जाने हैं। इन पदों हेतु अपना आवेदन पत्र सादे कागज पर 10 दिसंबर 2019 सांय 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी धुंदला के कार्यालय में जमा करवाए जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त साक्षात्कार के दिन भी आवेदन पत्र स्वीकार किए जाएंगे।
हरीश मिश्रा ने बताया कि केवल वही महिला उम्मीदवार इन पदों पर आवेदन करने के लिए पात्र होंगी, जिनके परिवार एक जनवरी 2019 तक संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के लाभान्वित परिक्षेत्र के सर्वेक्षण के तहत आते हों। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हेतु न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता जमा दो अथवा समकक्ष पास होना अनिवार्य है जबकि सहायिका के लिए 8वीं पास होना अनिवार्य है। आवेदनकर्ता की आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक के परिवार की वार्षिक आय 35 हजार रुपए से अधिक न हो। इस बारे प्रमाण पत्र तहसीलदार अथवा नायब तहसीलदार कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी किया गया हो। उम्मीदवार के लिए हिमाचल प्रदेश का स्थाई निवासी होना भी आवश्यक है, जिसका प्रमाण पत्र सक्षम अधिकारी द्वारा जारी किया गया हो।
































