जसवाल , ऊना (19 सितंबर)- गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले बंगाणा ब्लॉक के 810 परिवारों को विभिन्न विभाग गोद लेकर उनका जीवन स्तर सुधारने की दिशा में काम करेंगे। यह जानकारी ग्रामीण विकास, पंचायती राज, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज थाना कलां में अधिकारियों के साथ आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि गरीबी रेख से नीचे चयनित परिवारों में से अति निर्धन परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त व समृद्ध बनाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। जिसके अंतर्गत बंगाणा ब्लॉक के 2510 परिवार बीपीएल में से 810 परिवारों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें विभिन्न विभाग की मदद से जीवनयापन गतिविधियों के साथ जोड़ेंगे और उनका जीवन स्तर ऊपर उठाने का प्रयास करेंगे। ग्रामीण विकास विभाग ने इन बीपीएल परिवारों का डाटा बेस तैयार कर लिया है और अब सभी विभाग जैसे कि कृषि, बागवानी, मत्स्य, पशुपालन तथा वन विभाग सरकारी की योजनाओं का लाभ लेने के लिए इन परिवारों को प्रोत्साहित करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि बीपीएल परिवारों को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए और समाज के सामने ऐसे उदाहरण पेश करें, जिससे कि सभी उस दिशा में काम करने के लिए प्रयासरत हों। अधिकारी इस कार्ययोजना पर मिशन मोड में काम करे और वह स्वयं इन बीपीएल परिवारों को दी जा रही सुविधाओं की मॉनिटरिंग करेंगे।
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लगभग 3 लाख परिवार गरीबी रेखा से नीचे हैं। प्रदेश सरकार ने इसी तर्ज पर पूरे प्रदेश में एक लाख परिवारों को बीपीएल से बाहर निकालने की योजना बनाई है। इन परिवारों को स्वरोजगार की किसी न किसी योजना के साथ जोड़ा जाएगा ताकि वह अपने लिए आय का साधन बना सकें। उन्होंने कहा कि कोई भी गरीब परिवार हमेशा गरीब नहीं रहना चाहता, बल्कि उसके पास गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का कोई साधन नहीं होता और इसीलिए वह गरीब रह जाता है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बीपीएल परिवारों का जीवन स्तर ऊपर उठाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।


इस बैठक में तहसीलदार बंगाणा शमशेर सिंह, बीडीओ सोनू गोयल, एसडीओ पीडब्ल्यूडी शशि धीमान, एसडीओ आईपीएच हरभजन सिंह, एसडीओ विद्युत विभाग राहुल पुरी, रेंज अधिकारी संदीप कुमार व वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतिंदर ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
































