पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी 8 नवंबर को करनाल आ रहे
करनाल, आशुतोष गौतम ( 6 नवंबर) देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी 8 नवंबर को करनाल आ रहे हैं। वे करनाल के कलवेहडी स्थित बाबा राम दास विद्यापीठ के बच्चों से सीधा संवाद करेंगे। वह हेलीकॉप्टर से नेवल हवाई पट्टी पर उतरेंगे जहां स्कूल के चेयरमैन वैद्य देवेंद्र बत्रा उनका स्वागत करेंगे। दोपहर 1.30 बजे वह बच्चों से रूबरू होंगे। उनसे व अभिभावकों से सीधा संवाद करेंगे। जानकारी देते हुए स्कूल की मैनेजर साबिया बत्रा एवं प्रिंसिपल नीनू आहूजा ने बताया कि देश के पूर्व राष्ट्रपति स्कूली छात्राओं व उनके अभिभावकों से सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण परिवेश में बाबा राम दास विद्यापीठ किस तरह से बच्चों को उच्च स्तरीय शिक्षा प्रदान कर रहा है पूर्व राष्ट्रपति इसकी भी जानकारी हासिल करेंगे। सीधा संवाद कार्यक्रम में वह बच्चों की तार्किक शक्ति को भी परखेंगे। साथ ही बच्चों एवं उनके अभिभावकों के सवालों का भी जवाब देंगे। पूर्व राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर स्कूल में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।



































