भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने पीजीआई पहुंच कांग्रेसी विधायक सतपाल सिंह रायजादा का हालचाल पूछा
जसवाल, ऊना ( 16 नवंबर) भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने शनिवार को चंडीगढ़ स्थित पीजीआई पहुंच ऊना सदर के कांग्रेसी विधायक सतपाल सिंह रायजादा का हालचाल पूछा। इस दौरान उन्होंने विधायक के उपचार में जुटे डॉक्टर्स से भी सारी जानकारी हासिल की। गौरतलब है कि ऊना सदर के कांग्रेस विधायक सतपाल सिंह रायजादा की शनिवार सुबह अचानक तबीयत खराब हो गई थी। जिन्हें तुरंत रीजनल अस्पताल ऊना ले जाया गया। जहां से बाद में उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के मुताबिक विधायक सतपाल रायजादा शनिवार रोजाना की तरह ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे, जहां पर करीब 9 बजे अचानक सीने में तेज दर्द उठी। तबीयत बिगड़ती देख कार्यालय में मौजूद पीए व अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा रीजनल अस्पताल ऊना लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने गंभीर हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया था। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती भी फौरन शिमला से पीजीआई चंडीगढ़ के लिए निकल गए। जहां पहुंच उन्होंने कांग्रेस विधायक का कुशलक्षेम पूछा और उनके अच्छे स्वास्थ्य व लंबी आयु की कामना की।






























