कार्यक्रम में दो दर्जन से अधिक पूर्व सैनिकों ने थामा भाजपा का दामन
BHT news, 26 जून 2023, ऊना: केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने महा जनसंपर्क अभियान के तहत हिमाचल प्रदेश के ऊना स्थित समूर कलां में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, पूर्व मंत्री विरेन्द्र कंवर, सुमित शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, प्रो.राम कुमार समेत अन्य गणमान्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में दो दर्जन से ज़्यादा पूर्व सैनिकों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की जिसपर श्री ठाकुर ने कहा की देश के सैनिक देश की पार्टी भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं। ऊना के लता मंगेशकर कला केंद्र ऑडिटोरियम में केंद्रीय मंत्री ने पिछले 9 वर्षों में मोदी सरकार द्वारा सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण हेतु किए गए अभूतपूर्व कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। श्री ठाकुर ने कहा, “2014 और 2019 में आप सभी ने देश में मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनवाई। मैं आज इसके लिए आप सभी का आभार प्रकट करने आया हूं। श्री ठाकुर ने कहा, “2014 में देश में ऐसी स्थिति थी कि कांग्रेस के भ्रष्ट तंत्र से कौन बचाएगा? हमारे फौजी भाइयों के वन रैंक वन पेंशन की मांग को कौन पूरा करेगा? गरीबी हटाओ का नारा देकर गरीबों को ही हटाने वालों से देश को कौन बचाएगा? किसानों की आमदनी कौन बढ़ाएगा? नौजवानों को रोजगार के अवसर कौन देगा? हमारे हिमाचल के लोगों ने 2014 और 2019 दोनों में चारों सीटें भाजपा को देकर यह जता दिया की हिमाचल इसे बदलेगा। श्री ठाकुर ने कहा जो दुनिया के बड़े-बड़े देशों में नहीं होता है उसे मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने पूरा करके दिखाया है। उन्होंने कहा, “2014 से पहले जो कभी सोचा ना था उसे मोदी जी ने करके दिखाया। मोदी जी ने गरीबों को 3.50 करोड़ पक्के मकान, 12 करोड़ शौचालय, 12 करोड़ घरों को नल से जल की सुविधा, हर घर बिजली और चार एलईडी बल्ब, 60 करोड़ लोगों को ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज, 48 करोड़ लोगो के बैंक खाते खुलवा कर उन्हें वित्त प्रणाली से जोड़ना, धारा 370 हटाना, अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, विश्व की दसवीं बड़ी अर्थव्यवस्था से पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना। इनके अलावा अनगिनत कार्य हुए हैं, जिससे आज भारत प्रगति के पथ पर अग्रसर है। हाल के दिनों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विदेश यात्रा पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, “कल मोदी जी को मिस्र में मिस्र का सबसे बड़ा सम्मान दिया गया। पिछले महीने फीजी और पापुआ न्यू गिनी में भी मोदी जी को सर्वोच्च सम्मान दिया गया। तीन दिवसीय अमेरिका यात्रा पर पूरा विश्व मोदीमय हुआ। यह तभी संभव हो पाया है जब आपने हिमाचल के चारों सीटों पर कमल खिलाया।”