ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने भाजपा सरकार पर अपने चहेतों को सरकारी विभागों के माध्यम से लाभ पहुंचाने का जड़ा आरोप
Jaswal ( Una ) ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर अपने चहेतों को सरकारी विभागों के माध्यम से लाभ पहुंचाने का आरोप जड़ा है। रायजादा ने कहा जब समूची जनता कोरोना वायरस जैसी महामारी से जुझ रही थी। उस वक्त भाजपा के नुमाइंदों ने स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से बिना टेंडर अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल परिसर में दुकान खड़ी करवाई। उसी दुकान को बिना कोई नीलामी प्रक्रिया किए अपने चहेतों को आबंटित करने की भी साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा की इन साजिशों को कभी कामयाब नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के नाम पर धोखाधड़ी कर रही है, जिसे कतई नहीं सहन किया जाएगा। अगर इस मामले को लेकर प्रदर्शन करने की जरूरत पड़ी, तो पीछे नहीं हटा जाएगा।
शनिवार को जारी बयान में रायजादा ने कहा कि सत्ता संभालने के बाद भाजपा ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। सत्ता का रौब दिखाकर हर अधिकारी से जायज नाजायज काम करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीएमओ ऊना बताएं कि उन्होंने किसके इशारे पर बिना टेंडर दिए अस्पताल परिसर में दुकान खड़ी करवाई और इस निर्माण कार्य से किसे लाभ पहुंचाने की साजिश को अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में चहेतों को लाभ पहुंचाने का क्रम यहीं नहीं रुका। बिना टेंडर के बनवाई गई इस दुकान को अब बिना किसी नीलामी प्रक्रिया के ही किसी भाजपाई को आबंटित करने की भी साजिश रची जा रही है, लेकिन कांग्रेस भाजपा के मंसूबों पर पानी फेर कर ही रहेगी। रायजादा ने कहा कि सीएमओ उन्हें बताएं इस निर्माण पर कितना खर्च किया गया है और इस निर्माण के लिए कब टेंडर कॉल किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसी मनमानी कतई चलने नहीं दी जाएगी। कांग्रेस सड़कों पर उतर कर सरकार के इन गोरखधंधों का पर्दाफाश करेगी। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जल्द से जल्द जांच करवाई जाए, अन्यथा कांग्रेस प्रदर्शन करने पर मजबूर होगी।