मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने कराई भाजपा ज्वाइन
करनाल, आशुतोष गौतम (8 oct) कांग्रेस और जेजेपी को बड़ा झटका देते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पूर्व विधायक नफे सिंह वाल्मीकि, बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ चुके सोहनलाल गुप्ता और नीलोखेड़ी से दो बार चुनाव लड़ चुके राजेन्द्र सिंह अंजनथली को भाजपा ज्वाइन कराई। काग्रेस के पूर्व महासचिव जयपाल गुर्जर एवं घरौंडा नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन आजाद सिंह व ब्राह्मण सभा के युवा अध्यक्ष रविदत्त शर्मा ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। सोहनलाल गुप्ता के पिता दो बार घरौंडा से विधायक रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियो से प्रभावित होकर भाजपा ज्वाइन की है। मुख्यमंत्री मनोहरलाल होटल ज्वैल्स में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा परिवार का सदस्य बनने पर वे सबका स्वागत करते हैं और इन्हें पार्टी में पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है, जबकि अन्य पार्टियो में भगदड़ मची हुई है। जेजेपी के कई प्रत्याशी भाजपा ज्वाइन कर चुके हैं और ये सिलसिला जारी है। उन्होंने कहा कि पार्टी में आए इन सदस्यों से भाजपा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 75 पार के आंकड़े को पार करेगी। मनोहरलाल खट्टर ने कहा कि बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह की चार रैली हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, जेपी नड्डा समेत पार्टी के कई दिग्गज विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए आएंगे। जनता में जोश भरने के लिए 90 की 90 विधानसभा से स्टार प्रचारक आएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पांच साल जनता के लिए काम किया है, इसलिए जनता में उत्साह है। दूसरी पार्टियों में नेता अपने अनुकूल सीटें बांट लेते हैं, जबकि भाजपा में योग्यता के आधार पर कैंडिडेट का चुनाव होता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी विधायक भाजपा के साथ खड़े है, जबकि दूसरी पार्टियों में भगदड़ मची है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साह से भाग लें और वोट डालने जरूर जाएं। आपके वोट से मजबूत लोकतंत्र का निर्माण होगा, इसलिए इसमें सबकी सहभागिता अनिवार्य है। इस मौके पर घरौंडा के निवर्तमान विधायक हरविंद्र कल्याण, नीलोखेड़ी के निवर्तमान विधायक भगवान दास कबीरपंथी, जिला अध्यक्ष जगमोहन आनंद, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी अमरेंद्र सिंह, मेयर रेणुबाला गुप्ता, जिला महामंत्री योगेंद्र राणा, राजबीर शर्मा, सतीश राणा कैरवाली मुख्य रूप से मौजूद रहे।

































