पंचायती राज मंत्री विरेंद्र कंवर ने ग्राम पंचायत चंगर में ईको विलेज़ पार्क की रखी आधारशिला
जसवाल, ऊना 21 अक्तूबर:- प्रदेश सरकार द्वारा स्मार्ट सिटी की तर्ज पर ईको विलेज विकसित करने की योजना आरंभ की गई है जिसके अंतर्गत पायलेट प्रोजैक्ट के तौर पर प्रदेश के 10 गांवों का चयन किया गया है। पर्यावरण बदलाव से हो रहे नुकसान से निपटने के लिए इस योजना पर कार्य आरंभ किया गया है। यह उद्गार गामीण विकास एवं पंचायती राज, मत्स्य व पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज कुटलैहड विधान सभा क्षेत्र के चंगर में ईको विलेज की आधारशिला रखने के उपरांत अपने संबोधन में किया। उन्होंने कहा कि ईको विलेज में जल संरक्षण, पौधारोपण, सौर उर्जा, प्राकृतिक खेती, सोलिड वेस्ट प्रबंधन जैसी पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों पर कार्य किया जाएगा। वीरेन्द्र कंवर ने कहा कि चंगर पंचायत में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इसे ईको विलेज़ के रूप में विकसित करने हेतु विभिन्न योजनाओं के तहत 1.50 करोड़ रूपये खर्च किए जायेगें। उन्होंने बताया कि इसके तहत 40 लाख की लागत से लोक भवन निर्माण, 20 लाख रूपये की लागत से ईको पार्क, पांच लाख की लागत से सामुदायिक केंद्र, के अतिरक्ति पांच लाख रूपये की लागत से 25 सोलर लाईटें स्थापित की जाएगी। इसके अतिरिक्त गांव में 1500 पौधे रोपित किये जाएगें तथा महिला मंडल के भवन निर्माण पर पांच लाख रूपये खर्च किये जाएगें। इस मौके पर स्वच्छता की सेवा अभियान के तहत डीआरडीए के सौजन्य से 200 कपड़े के बैग वितरित किये गये।
ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कुटलैहड़ विधान सभा क्षेत्र में पर्यटन की आपार संभावनाएं हैं जिनकों विकसित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। कुटलैहड़ में जहां गोबिंद सागर झील में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार प्रत्यनशील है तो वहीं यहां के प्राचीन किलों एवं अन्य धार्मिक स्थानों को भी पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने को एक वृहद योजना बनाई गई है। ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बल मिलने से जहां क्षेत्र के विकास को एक नई गति मिलेगी वहंी यहां के युवाओं को घर द्वार रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होगें।
इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य कृष्ण पाल शर्मा, भाजपा वरिष्ठ नेता अमृत लाल भारद्वाज, बीडीओ बंगाणा सोनू गोयल, पीओ डीआरडीए संजीव कुमार, उप निदेशक पशुपालन विभाग जय सिंह सैंन, डॉ अमित श्यामा, ग्राम पंचायत चंगर के प्रधान हजारी लाल, उप प्रधान जगदेव सिंह, पंचायत सदस्य निरंजन कौर, आरती देवी, रोशन लाल, जगीर सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

































