मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर समझते हैं हर गरीब का दर्दः हंसराज
पिछले जनमंच में जो शिकायतें की गई थी उनका कोई हल प्रशासन नहीं निकाल पाया

जसवाल, ऊना (3 नवंबर)- राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक में जनमंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने की। उल्लेखनीय है कि उक्त कार्यक्रम खानपान का मंच बना रहा जिसके चलते जनमंच उस समय खानपान मंच बनता दिखा और मंच पर आसीन अधिकारियों का ध्यान खाने की तरफ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले जनमंच के कार्यक्रमों में जो शिकायतें की गई थी उनका कोई हल प्रशासन नहीं निकाल पाया है जिसके चलते दौलतपुर चौक के जनमंच में गगरेट क्षेत्र के लोगों ने इस बार कोई अधिक रुचि नहीं दिखाई और कार्यक्रम के दौरान पंडाल में कुर्सियां भी काफी तादाद में खाली दिखी।विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर प्रदेश के हर गरीब के दर्द से अच्छी तरह परिचत हैं, इसीलिए जनमंच कार्यक्रम शुरू किया गया है। जनमंच के माध्यम से लोगों की समस्याओं का निपटारा किया जा रहा है और कार्यक्रम बेहद सफल व लोकप्रिय रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है।
हंसराज ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर पूरी ईमानदारी के साथ निवेश लाने का प्रयत्न कर रहे हैं और धर्मशाला में इनवेस्टर मीट इसी दिशा में एक पहल है। हिमाचल प्रदेश में निवेश आएगा तो युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को आगे ले जाने के लिए मुख्यमंत्री की सोच स्पष्ट है और प्रदेश सरकार इसी लक्ष्य के साथ पूरे हिमाचल प्रदेश का समान विकास कर रही है। विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा प्रदेश सरकार के कामकाज से संतुष्ट है।
जनमंच कार्यक्रम सीएम की सोच का नतीजाः राजेश ठाकुर
इस अवसर पर गगरेट से विधायक राजेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार जन कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं बना रही हैं, जिनका लाभ आम आदमी को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनमंच कार्यक्रम मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की सोच का नतीजा है। आज लोगों की समस्याओं का निपटारा उनके घर-द्वार पर ही हो रहा है, जिससे धन व समय की बचत हो रही है और लोगों को सरकारी कार्यालयों में चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं।
ये रहे उपस्थित
इस मौके पर गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर, गगरेट भाजपा मंडल अध्यक्ष सतपाल, उपायुक्त ऊना संदीप कुमार, एसपी दिवाकर शर्मा, एडीसी अरिंदम चौधरी, एसडीएम गगगरेट विनय मोदी के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
































