56 लाख रुपये की लागत से 14 फुट ऊंची व कांस्य से बनाई गई अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा
करनाल, आशुतोष गौतम ( 27 दिसंबर ) मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा आगामी 29 दिसम्बर को रविवार के दिन अपने विधानसभा क्षेत्र करनाल में पहुंचकर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे तथा करीब 14 करोड़ 87 लाख रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास अटल पार्क से किया जाना प्रस्तावित है। प्रेमनगर में 112 लाख रुपये की लागत से बने रैन बसेरा का उद्घाटन मुख्यमंत्री प्रेम नगर से ही करेंगे। मुख्यमंत्री शहर के कई कार्यक्रमों के अलावा गांव पुंडरक व कलामपुरा में धन्यवादी दौरा भी करेंगे। यह जानकारी उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने दी। उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा करीब 198 लाख 80 हजार रुपये की लागत से बने कुंजपुरा के नए खंड विकास एवं पचायत कार्यालय भवन का उद्घाटन, करनाल के अटल पार्क में 56 लाख रुपये की लागत से 14 फुट ऊंची व कांस्य से बनाई गई अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। अनाज मंडी में, अटल किसान-मजदूर कैंटीन का उद्घाटन करेंगे। कैंटीन का निर्माण मार्किटिंग बोर्ड के द्वारा किया गया है, जिस पर 4 लाख रुपये की राशि खर्च हुई है। इस कैंटीन से लोगों को मात्र 10 रुपये में बढिय़ा खाना, जिसमें 4 रोटी, दाल, सब्जी व चावल उपलब्ध होंगे, मिलेगा। कैंटीन खुलने का समय प्रात: 11 बजे से बाद दोपहर 3 बजे तक रहेगा। बता दें कि नई अनाज मंडी में सस्ती कैंटीन खोले जाने को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का ड्रीम प्रोजेक्ट था, जो पूरा हुआ और करनाल सहित प्रदेश के फतेहबाद, नूंह, भिवानी व पंचकूला की अनाज मंडी में अगामी 29 दिसम्बर को ही ऐसी कैंटीनों का शुभारंभ हो रहा है। उन्होंने बताया कि रामनगर में 39 लाख रुपये की लागत से बनी डिस्पेंसरी तथा प्रेमनगर में 112 लाख रुपये की लागत से बने रैन बसेरा का उद्घाटन भी करेंगे। उन्होंने शिलान्यास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल करीब 709 लाख 28 हजार रुपये की लागत से करनाल-कैथल रोड पर पश्चिमी यमुना नहर के पुल के निमार्ण कार्य, गांव डाचर से ऐच्छनपुर तक 312 लाख 93 हजार रुपये की लागत से सड़क को चौड़ा करने व सुदृढ़ीकरण के कार्य तथा इंद्री रोड से कर्ण लेक ऊचाना गांव तक 55 लाख 39 हजार रुपये की लागत से सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी करेंगे।
मुख्यमंत्री 29 दिसम्बर को गांव पुंडरक व कलामपुरा में करेंगे धन्यवादी दौरा तथा शहर के कईं कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत : जगमोहन आनंद
भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद ने बताया कि 29 दिसम्बर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया जाना है। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री करनाल विधानसभा क्षेत्र के गांव पुंडरक व कलामपुरा में ग्रामीणों के बीच जाकर उनका धन्यवाद करेंगे। दोनों गांव मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में आते हंै और यहां के मतदाताओं ने विगत विधानसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा वोट देकर उन्हें विजयी बनाया था। इसके अलावा मुख्यमंत्री प्रात: के समय रामनगर में चार खम्बा चौंक पर जेबीडी कल्याण समिति द्वारा संचालित आपकी रसोई को देखने जाएंगे। सायं के समय मुख्यमंत्री लोक निर्माण विश्राम गृह में कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे।

































