पेंशनरों को आ रही समस्याओं को लेकर की गई विस्तार से चर्चा
ज्योति भल्ला, नालागढ़ ( 18 दिसंबर ) जिला पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन ने जिला स्तरीय 38वां अखिल भारतीय पेंशनर्स दिवस नालागढ़ में धूमधाम से मनाया। नगर परिषद नालागढ़ के रैन बसेरा में आयोजित हुए कार्यक्रम में एसएसबी के सेवानिवृत्त डीआईजी वीके शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि समारोह की अध्यक्षता पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन के जिलाध्यक्ष केडी शर्मा ने की। जिला पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक संघ के जिला प्रधान केडी शर्मा ने कहा कि संघ समय समय पर पेंशनर्ज की मांगों को प्रदेश सरकार व आलाधिकारियों से उठाता रहा है।
उन्होंने कहा कि जो पेंशनर्ज 65, 70 व 75 वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं, उनको पंजाब की तर्ज पर 5, 10 व 15 फीसदी का मूल वेतन में देने की मांग की है, जो पूर्व सरकार के कार्यकाल में पूर्व मुख्यमंत्री ने मान ली थी, लेकिन नोटिफिकेशन जारी नहीं हो पाई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने इस मांग को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। उन्हांने कहा कि जेसीसी की बैठक उपायुक्त सोलन से किसी कारणवश नहीं हो पाई थी, संघ उपायुक्त सोलन से जेसीसी की बैठक फिर से बुलाने की मांग करता है ताकि उपायुक्त के माध्यम से पेंशनर्स की मांगों को सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2003 के बाद जितने भी अधिकारी व कर्मचारी भर्ती हुए है उन्हें पेंशन से वंचित रखा गया है। उन्होंने सभी कर्मचारी व अधिकारियों से आग्रह किया है कि वह अपनी मांगों को लेकर संगठन एकजुट हो जाएं।






























