प्रदेश में पेयजल और सिंचाई योजनाओं पर खर्चे जा रहे 4500 करोड़ – मुकेश अग्निहोत्री
सौर ऊर्जा कैपिटल के रूप में विकसित किया जा रहा जिला ऊना
रणधीर जसवाल,ऊना, 27 जनवरी। भारत के 76वें गणतंत्र दिवस पर ऊना जिला बासंती रंगों में खिला दिखा। इस उपलक्ष्य पर राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना के मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने पुलिस व होमगार्ड की महिला तथा पुरुष टुकड़ियों और एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स एंड गाइड्स के कैडेट्स द्वारा निकाले गए आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी का दिन सभी भारतवासियों के लिए एक गौरवमयी दिवस है। वर्ष 1950 को इसी दिन भारत का महान संविधान प्रभावी हुआ था और देश में लोकशाही का स्वप्न साकार हुआ। उन्होंने संविधान निर्माताओं के साथ-साथ सभी स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए नमन किया, साथ ही देश की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखने में प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।उन्होंने कहा कि संविधान सभी देशवासियों को बिना किसी भेदभाव के विकास एवं उत्थान के समान अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की शक्ति संविधान में ही निहित है।
जलशक्ति से जन जीवन में समृद्धि – उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जलशक्ति से जन जीवन में समृद्धि लाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। प्रदेश में पेयजल और सिंचाई के कार्यों पर लगभग 4 हजार 500 करोड़ रुपये खर्चे जा रहे हैं। वहीं, ऊना जिले में पेयजल और सिंचाई की करीब एक हज़ार करोड़ की स्कीमों के काम चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है जिसके लिए जलशक्ति विभाग में ही प्रदेश में 10 हजार भर्तियां की जा रही हैं।
सौर ऊर्जा कैपिटल ऊना– श्री अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना का नाम देश में सबसे तेज गति से तरक्की करने वाले जिलों में है। हम यहां विकास को और रफ्तार देने के लिए वचनबद्ध हैं। ऊना को सौर ऊर्जा कैपिटल के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिले में लगभग 153 मेगावाट क्षमता के सोलर प्रोजेक्ट स्थापित हो रहे हैं। ये प्रोजेक्ट लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत के हैं। ऊना के पेखूबेला में 32 मेगावॉट की सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित की गई है। 10 मेगावाट की अघलोर सौर ऊर्जा परियोजना और 5 मेगावॉट की भंजाल सौर ऊर्जा परियोजना का निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा निजी क्षेत्र में भी लोग सौर ऊर्जा परियोजना लगाने को आगे आ रहे हैं। लगभग 80 मेगावॉट क्षमता के प्रोजेक्ट निजी क्षेत्र में लग रहे हैं।
एचआरटीसी में 700 नई बसें जल्द – उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम राज्य की जीवन रेखा की तरह कार्य कर रहा है। लोगों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करना निगम का सर्वाेच्च दायित्व है। इसलिए एचआरटीसी की कार्यशैली को दक्ष बनाने के लिए नवीन प्रौद्योगिकी का उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। लोगों को यात्रा करने अच्छी सुविधा मिल सके इसके लिए प्रदेश सरकार 700 नई बसों की खरीद करने जा रही है।
शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित – उपमुख्यमंत्री ने समारोह में 28 आरआर के शहीद नायक दिलवर खान की पत्नी जमीला खान व परिजनों और 4 डोगरा के शहीद कुलविंदर सिंह की धर्मपत्नी कंचन तथा उनके बच्चों को सम्मानित किया। बता दें, बंगाणा के घरवासड़ा गांव के शहीद नायक दिलवर खान पिछले साल 24 जुलाई 2024 को जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकवादियों से संघर्ष करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनके लिए भारत सरकार ने मरणोपरांत कीर्ति चक्र प्रदान करने की घोषणा की है।
वहीं, पंडोगा के शहीद कुलविंदर सिंह 4 जून 2024 को जम्मू कश्मीर के सुंदरमणी में आतंकियों से लोहा लेते बलिदान हुए थे।
विकास झांकियां बनीं आकर्षण – इस दौरान प्रदेश सरकार की योजनाओं पर आधारित झांकियां भी निकाली गईं, जिनमें मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना, राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना, स्वास्थ्य, कृषि और सनराइज संस्था की गैर आवासीय योजना व शिक्षा से संबंधित योजनाओं पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा स्कूल परिसर में विकास की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनियां भी लगाई गई थी। इस मौके विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। इससे पहले उपमुख्यमंत्री ने एमसी पार्क स्थित शहीद स्मारक में जाकर अमर बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
ये रहे उपस्थित – इस मौके पर ऊना के विधायक सतपाल सत्ती, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान, पूर्व विधयाक सतपाल सिंह रायजादा, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य विजय डोगरा, डॉ. आस्था अग्निहोत्री, राज्य परिवहन प्राधिकरण के सदस्य रणजीत राणा, और अशोक ठाकुर, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी, जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




























