कुटलैहड़ के प्रत्येक सरकारी शिक्षण संस्थान में बनेंगे स्टेडियमः वीरेंद्र कंवर

जसवाल, ऊना 23 जनवरीः- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरोह व राजकीय उच्च विद्यालय कोट में आज वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया जिसमें ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, मत्स्य व पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के ढांचे को सुदृढ़ व बेहतर बनाने के लिए शिक्षा संस्थानों में बच्चों को हर सुविधा देने का प्रयास कर रही है ताकि पढ़ने वाले बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि कुटलैहड विधानसभा क्षेत्र में शिक्षण संस्थानों में अधिकतर स्कूलों में बच्चों को खेलने के लिए स्टेडियम के निर्माण कार्य किए जा रहे हैं तथा आने वाले समय में सभी शिक्षा संस्थानों में स्टेडियम का निर्माण पूरा कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरोह स्कूल के साईंस ब्लॉक भवन का निर्माण कार्य मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि कुटलैहड़ में पानी की समस्या को दूर करने के लिए पीने के पानी की विभिन्न स्कीमों पर सौ करोड़ से अधिक धनराशि खर्च की जा रही है ताकि पीने के पानी की समस्या न रहे। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ में पर्यटन की आभार संभावनाएं हैं जिसके लिए प्रदेश सरकार इस क्षेत्र को विकसित करने के लिए प्रयासरत है। आने वाले समय में हर गांव को संपर्क सड़क से जोड़ा जाएगा बशर्ते लोग सड़क बनाने को भूमि लोक निर्माण विभाग के नाम पर करवाएं।
बड़सर-पिपलू मार्ग पर खर्च होंगे 16 करोड़- कंवर ने कहा कि बड़सर से पिपलू संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य पर 16 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। लठियाणी के पास 63 केबी का बिजली ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा जिसका एस्टीमेट शीघ्र ही स्वीकृति हेतु भेजा जाएगा। इससे इलाके में वोल्टेज की समस्या का समाधान होगा।
15 लाख से बनेगी सरोह स्कूल की छत- ग्रामीण विकास मंत्री ने वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरोह में छत के निर्माण कार्य के लिए 15 लाख रूपए तथा इसी स्कूल के शौचालय निर्माण के लिए 4 लाख रूपए, ग्राउंड निर्माण के लिए 1 लाख रूपए तथा स्टेज के ऊपर शैड के निर्माण हेतु 3 लाख रूपए देने की भी घोषणा की। उन्होंने सरोह स्कूल के मेधावी छात्रों को पुरस्कृत किया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को 11 हजार रुपए, उच्च विद्यालय कोट के बच्चों को 51 सौ रूपए तथा प्राथमिक पाठशाला के बच्चों को 2100 रूपए देने की घोषणा की।
ये रहे उपस्थित- इस मौके पर एसडीएम बंगाणा विशाल शर्मा, बीडीओ सोनू गोयल, एसडीओ पीडब्ल्यूडी शशि धीमान, एसडीओ आईपीएच हरभजन सिंह, एसडीओ बिजली विभाग राहुल पुरी, सरोह स्कूल के प्रधानाचार्य प्रीतम चंद सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
































