कुटलैहड़ में बरसात से हुए नुकसान के आकलन के लिए भाजपा ने गठित की कमेटी
रणधीर जसवाल, ऊना : हिमाचल प्रदेश में इस बार भारी बारिश के कारण आई आपदा ने सैंकड़ों लोगों की जान ले ली व कईयों को बेघर कर दिया है। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने पिछले दिनों प्रदेश की राजधानी शिमला सहित प्रदेशभर में बरसाती त्रासदी के कारण जान गंवाने वाले लोगों के प्रति अपनी संवेदनायें प्रकट की हैं। उन्होंने कहा कि इस आपदा में सैंकड़ों लोगों ने अपनों को खो दिया व पूरे प्रदेश में तबाही का भयावह मंजर देखने मिला है। ऐसे समय में भाजपा जनता के साथ खड़ी है और सभी कार्यकर्ता इस परिस्थिति में यथासम्भव जनता की सहायता कर रहे हैं।इस दौरान इस आपदा से उबरने के लिए केंद्र सरकार ने फौरी राहत राज्य को मुहैया करवाई है व साथ ही अब सड़कों के पुनर्निर्माण करने हेतु 2643 करोड़ जारी किये हैं। भाजपा उपाध्यक्ष वीरेंद्र कंवर ने इस राहत के लिए केंद्र व प्रदेश भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार ने हमेशा ही बिना किसी भेदभाव के हिमाचल प्रदेश को बड़ी बड़ी सौगातें दी हैं जिसके लिए समस्त प्रदेशवासी केंद्र का धन्यवाद व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा जे पी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल और पूर्व मुख्यमंत्री व नेता विपक्ष ने इस आपदा के दौरान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जनता की समस्याओं को देखा है और यथासम्भव मदद का प्रयास किया है। पूर्व मंत्री ने बताया कि बरसात के कारण उनके अपने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में भी भारी नुकसान हुआ है जिसके आकलन के लिए भाजपा मंडलाध्यक्ष की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि कमेटी द्वारा पूरी रिपोर्ट तैयार होने पर प्रभावितों को हरसंभव सहायता दिलवाई जाएगी। यह रिपोर्ट को केंद्र सरकार को भेजकर जनता को राहत दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़कों के लिए जारी सहायता में कुटलैहड़ के लिए भी 52 करोड़ जारी किए गए हैं जिसके लिए कुटलेहड़वासियों के ओर से भी हम केंद्र सरकार का धन्यवाद करते हैं। अब तक केंद्र से मिली राहत के लिए उन्होंने केंद्रीय सरकार व भाजपा संगठन का धन्यवाद व्यक्त किया है।