हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन करनाल की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को 2 लाख 51 हजार रूपये का चेक हरियाणा कोरोना रिलीफ फंड में दिया
करनाल, आशुतोष गौतम ( 26 मई ) हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन करनाल की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को 2 लाख 51 हजार रूपये का चेक हरियाणा कोरोना रिलीफ फंड में दिया, जिसके लिए मुख्यमंत्री ने भी महिलाओं को धन्यवाद देते हुए उनका उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वयं की सहायता के लिए बने महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं ने इस महामारी से बचाव के लिए जरूरी सामान मास्क व सेनेटाईजर बनाकर ना केवल अपने परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की बल्कि कोरोना फंड में योगदान देकर समाज सेवा का भी उत्कृष्ठ उदाहरण प्रस्तुत किया है। समाज के सभी वर्गो के लिए यह प्रेरणास्त्रोत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में वैश्विक महामारी कोरोना की शुरूआत के समय मास्क व सेनेटाईजर की मांग बढ़ गई थी, जिस कारण इनके दाम भी अनियंत्रित हो गए थे। ऐसे समय में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मास्क व सेनेटाईजर की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए इनके उत्पादन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसी के फलस्वरूप आमजन को सस्ते दामों में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी मास्क व सेनेटाईजर उपलब्ध हुए है। महिलाओं के इस योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। इस मौके पर डीसी निशांत कुमार यादव ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की सराहना करते हुए बताया कि जिले में कुल 837 स्वयं सहायता समूह की 2165 महिलाओं ने पिछले लगभग दो माह में मास्क व सेनेटाईजर बनाने का काम किया है और जिला प्रशासन, ग्राम पंचायतों तथा स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम सेे लगभग 4 लाख 40 हजार मास्क व 1 लाख सेनेटाईजर नियंत्रित दामों में आमजन को उपलब्ध करवाएं है। महिलाओं ने अपनी इस आजीविका से ना केवल घर चलाने का काम किया है बल्कि संकट के समय में प्रदेशहित में भी योगदान सुनिश्चित किया है। इस मौकेे पर जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, नगर निगम की मेयर रेणू बाला गुप्ता, पुलिस अधीक्षक एस एस भौरिया सहित अन्य अधिकारी तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थी।