प्रधानमंत्री ने हर कठिन समय में हिमाचल को अपना मानकर दिया साथ : कंवर
डॉ रणधीर जसवाल,ऊना, 31 मार्च : केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश को ‘प्राइड ऑफ हिल्स’ योजना के तहत 3920 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान किए जाने पर वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र कंवर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया है।मीडिया को जारी प्रेस विज्ञप्ति में वीरेंद्र कंवर ने कहा कि आरडीजी बंद होने के कारण हिमाचल प्रदेश को संभावित वित्तीय संकट का सामना करना पड़ सकता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘प्राइड ऑफ हिल्स’ योजना शुरू कर राज्य को बड़ी राहत प्रदान की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा हिमाचल को अपना घर मानते रहे हैं और हर कठिन परिस्थिति में राज्य का सहयोग करते आए हैं। कंवर ने कहा कि पिछले कई दशकों से हिमाचल प्रदेश को मिलने वाली अधिकांश केंद्रीय योजनाएं 60:40 के अनुपात में होती थीं, जिससे सीमित संसाधनों वाले पहाड़ी राज्य पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ता था। लेकिन मोदी सरकार के दौरान इस अनुपात को 90:10 किया गया, जिससे प्रदेश के विकास कार्यों को गति मिल सकी है।उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर हिमाचल की बात तो करते हैं, लेकिन धरातल पर इसके लिए कोई ठोस योजना या प्रयास दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि पूर्व में शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल और जयराम ठाकुर की सरकारों ने हमेशा राज्य की आय बढ़ाने और विकास को गति देने के लिए योजनाएं बनाई थीं, जिससे आम जनता को निराशा का सामना नहीं करना पड़ा। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि आरडीजी बंद होने के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार केंद्र को दोषी ठहरा रही थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने ‘प्राइड ऑफ हिल्स’ योजना शुरू कर विपक्ष को करारा जवाब दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान प्रदेश सरकार बिना विजन के कार्य कर रही है, जबकि केंद्र की भाजपा सरकार हर मुश्किल में हिमाचल वासियों के साथ मजबूती से खड़ी है।






























