कहा पीजीआई सेटेलाइट सेंटर के नींव पत्थर रखे हुए करीब डेढ़ वर्ष हो गए, लेकिन अभी तक एक भी ईंट नहीं रखी गई
जसवाल, ऊना (26 नवंबर) प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा ऊना क्षेत्र में किए गए लोकापर्ण कार्यों को लेकर ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने जयराम ठाकुर का आभार जताया है। विधायक रायजादा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में हुए कार्यों का ही मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया है। इसके लिए उन्हें साधूवाद। साथ ही विधायक ने मुख्यमंत्री द्वारा ऊना क्षेत्र में किए गए शिलान्यास पर भी तंज कसते हुए कहा कि ये शिलान्यास भी मलाहत में पीजीआई सेंटर की तरह न रह जाए। उन्होंने कहा कि पीजीआई सेटेलाइट सेंटर के नींव पत्थर रखे हुए करीब डेढ़ वर्ष हो गए, लेकिन अभी तक एक भी ईंट नहीं रखी गई है।
मंगलवार को जारी ब्यान में विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने दौरे के दौरान उन्हीं कार्यों का उद्घाटन किया, जिसका नींव पत्थर कांग्रेस सरकार के समय रखा गया था। अत्याधुनिक बस स्टैंड का नींव पत्थर भी तब के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व परिवहन मंत्री जीएस बाली ने ही रखा था।उन्ही के प्रयासों से बस अड्डे के कार्य शूरू हुआ था।अब उद्घाटन सीएम ने किया है इसका स्वागत है।विकास के इस कारवां में सीएम जयराम को कांग्रेस के योगदान नही भूलना चाहिये।उन्होंने कहा कि बहड़ाला में साईंस ब्लॉक का भी कांग्रेस सरकार ने शिलान्यास किया था। सतपाल रायजादा ने कहा कि अजौली सर्कुलर सड़, छत्तरपुर ढाडा सर्कुलर सड़क, पूना बेनीवाल सर्कुलर सड़क और संतोषगढ़ से सनौली बाया मलूकपुर मौजोवाल पंजाब सीमा तक सड़क का निर्माण कार्य विधायक प्राथमिकता के तहत मंजूर किया गया है, जिसे भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से शिलान्यास करवाया गया है। सतपाल रायजादा ने कहा कि भाजपा सरकार विधायक का प्राथमिकता के कार्यों में भी प्रोटोकॉल निभाना भूल रही है ।उन्होंने कहा कि केवल शिलान्यास से ही किसी कार्य का श्रेय नहीं लिया जा सकता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री व भाजपा नेताओं को इन विकास कार्यों पर विधायक प्राथमिकता पर भी नजर दौड़ा लेनी चाहिए।





























