ऐसे बच्चों को आश्रय देने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्यों केन्द्रों में लगेंगे सूचना बोर्ड, मधुबन स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी में किशोरों के लिए नगर निगम लगाएगा जिम उपकरण: डीसी
करनाल, आशुतोष गौतम ( 6 फरवरी ) डीसी एवं जिला बाल संरक्षण समिति के अध्यक्ष निशांत कुमार यादव ने बुधवार देर सांय लघु सचिवालय के सभागार में समिति की बैठक में बोलते हुए कहा कि बच्चे देश की अमूल्य सम्पत्ति हैं, उनकी सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पोक्सो एक्ट के तहत पंजीकृत केसों के पीडि़तों को बाल कल्याण समिति के सामने जो समस्याएं पेश आती हैं, उनका समाधान किया जाएगा। इस सम्बंध में पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर कहा जाएगा कि पीडि़त बच्चे को समिति में पेश करने के समय पुलिस की ओर से समय पर एफ.आई.आर. हो और 24 घण्टे के अंदर-अंदर समूचित रिपोर्ट के साथ बच्चे को पेश किया जाए। बैठक में प्रस्तुत एजेंडा को लेकर बाल कल्याण से जुड़ी अनेक गतिविधियों पर काफी देर तक मंथन रहा। उपस्थित सदस्यों के सुझाव पर निर्णय लिया गया कि जिला के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रो में छोटे व लावारिस बच्चों के लिए पालना घर बनाए जाएंगे। ऐसे बच्चों को पालना घर में लाने के लिए, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रो में सूचना पट्ïट लगाए जाएंगे। बैठक में सदस्यों ने सवाल उठाया कि जुवेनाईल जस्टिस एक्ट की अनुपालना में बाल कल्याण संस्थाओं में रह रहे बच्चों के उचित मैडिकल चैकअप व टैस्ट इत्यादि के लिए सामान्य अस्पताल में प्राथमिकता के आधार पर सुविधा होनी चाहिए। इस पर उपायुक्त ने कहा कि इस बारे आई.एम.ए. की जिला शाखा से बात कर निजी अस्पतालों में संरक्षण प्राप्त बच्चों के मैडिकल चैकअप के लिए सुविधाएं उपलब्ध करवाएंगे। सदस्यों ने बताया कि संरक्षण प्राप्त छोटे बच्चों के स्कूलो में दाखिला करवाने में आधार कार्ड को लेकर कठिनाई पेश आती है, इसका समाधान किया जाए। इस पर डीसी ने कहा कि ऐसे बच्चों के आधार कार्ड बनवाने के लिए किसी एक कॉमन सर्विस सेंटर को जिम्मेवारी देंगे, जो प्राथमिकता पर बच्चों के आधार कार्ड बनाएगी। बैठक में प्लेस ऑफ सेफ्टी के अधीक्षक कृष्ण कुमार की मांग पर उपायुक्त ने बताया कि मधुबन स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी भवन में हाई मास्ट लाईटें लगाई जाएंगी। भवन के पार्क में किशोरों के लिए जिम उपकरण भी लगाए जाएंगे। गौर हो कि प्लेस ऑफ सेफ्टी में सुविधाओं का जायजा लेने के लिए डीसी निशांत कुमार यादव ने यहां का दौरा भी किया था। बैठक में डीसी ने सभी सदस्यों से कहा कि इस बात का ज्यादा से ज्यादा प्रचार हो कि यदि किसी व्यक्ति को कोई लावारिस बच्चा मिले, तो उसकी सूचना पुलिस को दी जाए। ऐसे बच्चे को किसी अंजान व्यक्ति के साथ कदापि ना भेजा जाए। पुलिस रिपोर्ट के बाद बाल कल्याण समिति उसकी उचित काउंसलिंग करे और स्थिति अनुसार उसे संरक्षण दिया जाए। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष उमेश चानना की मांग पर डीसी ने कहा कि उनके कार्यालय की डाक ले जाने में सहायता के लिए एक होम गार्ड की व्यवस्था की जाएगी। समिति की ओर से स्कूलों में बच्चों की काऊंसलिंग के वक्त जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से ब्लाक रिसोर्स कोआरडीनेटर की डयुटी लगाई जाएगी। बैठक में जिला बाल संरक्षण अधिकारी रीना देवी ने उपायुक्त को समेकित बाल संरक्षण योजना का संक्षिप्त परिचय देकर बताया कि इस योजना के तहत 0 से 18 वर्ष तक के अनाथ, गुमशुद्घा, बेसहारा व जरूरतमंद बच्चों को संरक्षण प्रदान किया जाता है। बाल संरक्षण अधिकारी ने बताया कि जिले में किशोर न्याय बोर्ड कार्यरत है। कानून का उंल्लघन करने वाले बच्चों को 24 घण्टे के अंदर-अंदर किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश करना होता है। सम्बंधित केस का निपटारा 4 महीने के अंदर करना अनिवार्य है तथा केस के दौरान बच्चे को निरीक्षण गृह में रखा जाता है। बैठक में सीएमओ अश्विनी आहूजा, जिला शिक्षा अधिकारी रविन्द्र चौधरी, डीसीडब्ल्यूओ विश्वास मलिक, सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष उमेश चानना व गैर सरकारी सदस्यो के अतिरिक्त सीएमजीजीए अपूर्वा शैल्के, श्रद्घानंद अनाथालय के प्रदान बलदेव राज आर्य, एमडीडी बाल भवन के संस्थापक सचिव पीआर नाथ तथा बाल संरक्षण अधिकारी सुमन देवी उपस्थित रही।
































