8वें दीक्षांत समारोह में दिखेगी संस्थान की उपलब्धियों की चमक, बी.टेक. में 95.86% प्लेसमेंट
डॉ. रणधीर जसवाल, ऊना। आईआईआईटी ऊना 3 सितंबर को अपने 8वें दीक्षांत समारोह में एक नई उपलब्धि दर्ज करने जा रहा है। समारोह में 206 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी, वहीं पहली बार एम.टेक. सीएसई (डेटा साइंस) के पहले बैच के 17 विद्यार्थी भी दीक्षित होंगे। संस्थान के बी.टेक. विद्यार्थियों ने 2025-26 के प्लेसमेंट सत्र में 95.86 प्रतिशत प्लेसमेंट हासिल कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। 169 विद्यार्थियों में से 162 को रोजगार मिला, जबकि 70 से अधिक कंपनियों ने कैंपस भर्ती में हिस्सा लिया। इस दौरान अधिकतम पैकेज 53.6 लाख रुपये सालाना और औसत पैकेज 13.46 लाख रुपये सालाना रहा। सीएसई में 96.49%, ईसीई में 98.31% और आईटी में 92.45% प्लेसमेंट दर्ज किया गया। विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा एनालिटिक्स, फिनटेक, सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी और प्रोडक्ट डेवलपमेंट जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में अवसर मिले। समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता मुख्य अतिथि होंगे। हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर और राज्यसभा सांसद प्रो. सिकंदर कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। आईआईआईटी ऊना ने केवल प्लेसमेंट ही नहीं, बल्कि रिसर्च और इनोवेशन के क्षेत्र में भी मजबूत कदम बढ़ाए हैं। वर्ष 2025-26 में चार पेटेंट दाखिल अथवा प्राप्त किए गए तथा 3.74 करोड़ रुपये से अधिक की अनुसंधान, सहयोगात्मक और परामर्श परियोजनाएं संचालित की गईं।
स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए वेंट—वेंचर, एंटरप्रेन्योरशिप एंड टेक्नोलॉजी फाउंडेशन की स्थापना की गई है, जो वर्तमान में पांच पंजीकृत स्टार्टअप को सहयोग दे रहा है। संस्थान ने 2026-27 सत्र के लिए एम.एससी. मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग तथा एम.टेक. (एग्जीक्यूटिव) आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग जैसे दो नए स्नातकोत्तर कार्यक्रमों को भी मंजूरी दी है। डिजिटल कैंपस की दिशा में भी आईआईआईटी ऊना ने उल्लेखनीय प्रगति की है। विद्यार्थियों द्वारा विकसित हॉस्टल मैनेजमेंट सिस्टम ने 2026-27 के आवंटन के दौरान 15 लाख से अधिक अनुरोधों को प्रोसेस किया और कई सप्ताह में होने वाली मैनुअल प्रक्रिया को लगभग एक घंटे में पूरा करने में सक्षम बनाया। नए खेल ब्लॉक, नई व्यायामशाला और 500 सीटों वाले नए हॉस्टल का निर्माण संस्थान के लगातार विस्तार की तस्वीर पेश कर रहा है। ऐसे में आईआईआईटी ऊना का 8वां दीक्षांत समारोह उपलब्धियों, रोजगार और तकनीकी शिक्षा के नए आयामों का उत्सव बनने जा रहा है।





























