प्रदेश की जयराम सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ कांग्रेस 11 तारीख को सड़कों पर उतरेगी
जसवाल, ऊना ( 9 नवंबर) हिमाचल प्रदेश कर्ज के बोझ के तले दबा हुआ है और प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा इन्वेस्टर मीट के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए और जनता का पैसा फूंका गया है जिससे प्रदेश की आम जनता में गहरा गुस्सा बना हुआ है। यह बात कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विजय डोगरा ने शनिवार को ऊना के विश्राम गृह में पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि भाजपा की जयराम सरकार पहले संसाधनों को जुटाती उसके बाद ही निवेशक यहां आ पाएंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा प्रदेश हित की बात रखी है जबकि भाजपा जब भी सत्ता में आती है तो प्रदेश के हितों से खिलवाड़ करने लगती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ कांग्रेस 11 तारीख को ऊना में सड़कों पर उतरेगी और विरोध में प्रदर्शन करेगी, डीसी ऊना के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी सोंपा जाएगा। उस दिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठोड़ तथा नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटील, गुरकीरत सहित बड़े नेता जिला में इस आंदोलन में भाग लेंगे और जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश पराशर तथा वीरेंद्र धर्माणी सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सरकार के खिलाफ हल्ला बोला जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आम जनता पर महंगाई बम भाजपा द्वारा फोड़ा जा रहा है। प्याज के दाम ₹100 किलो पहुंच गए हैं और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा प्रदेश में पेट्रोल तथा डीजल के दामों में भी बढ़ोतरी की गई है। सरकार का यह कदम गलत है ।भाजपा की जय राम सरकार द्वारा 118 को लचीला बनाया जा रहा है और हिमाचल के हितों से खिलबाड़ किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश पराशर व एस एन शुकला भी उपस्थित रहे।





























