प्रताप पब्लिक स्कूल में हुआ वार्षिक एथलेटिक मीट का आयोजन, खेलकूद बच्चों के जीवन का अभिन्न अंग : मेघा
करनाल, आशुतोष गौतम (21 नवंबर) प्रताप पब्लिक स्कूल सैक्टर-6 करनाल में 25वीं वार्षिक एथलेटिक मीट का आयोजन किया गया, जिसमें नर्सरी से लेकर कक्षा दसवीं तक के विभिन्न वर्गों के बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारम्भ बतौर मुख्यातिथि पहुंची वार्ड-आठ से पार्षद श्रीमती मेघा भंडारी ने किया। इस दौरान मुख्यातिथि का सभी बच्चों से परिचय करवाया गया। आज की प्रतियोगिता में हरनूर भंडारी ने सिल्वर मैडल प्राप्त किया। मुख्यातिथि पार्षद मेघा भंडारी ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों का हौंसला बढ़ाते हुए कहा कि खेलकूद बच्चों के जीवन का अभिन्न अंग हैं और खेलकूद में बच्चों को बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए ताकि वे बड़े होकर अपने देश के लिए मैडल जीते और भारत देश का नाम विश्व पटल पर चमकाए। उन्होंने कहा कि इंसान को अपने जीवन में कभी हार नहीं माननी चाहिए क्योंकि हार के बाद ही जीत आती है इसलिए वे सभी बच्चे जो आज यहां हारेंगे वे यह न समझे कि वे कभी जीत नहीं सकते। उन्होंने कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक विकास होता है बल्कि मानसिक रुप से भी विकास होता है। खेलों से हम अनुशासन में रहना सिखते हैं और अनुशासन के बल पर ही हम अपने जीवन में कामयाबी प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि आज खेलों में बच्चे एक बेहतर भविष्य भी बना सकते हैं। इसके अलावा अपने वर्ग में अरान ने प्रथम व लक्ष्य ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यातिथि पार्षद मेघा भंडारी ने सभी विजेता प्रतिभागितयों को मैडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रिंसिपल पूजा वालिया मान, स्कूल इंचार्ज रितु सेठ, अजय भाटिया, दीपा भाटिया, चाहत भाटिया, प्रतीक भाटिया सहित स्कूल के अन्य अध्यापक एवं अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।


































