विशेष बच्चों की बोची और एथलेटिक्स मीट का समापन भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने किया
जसवाल, ऊना (29 नवंबर) स्थानीय इंदिरा स्टेडियम में शुक्रवार को विशेष बच्चों की बोची और एथलेटिक्स मीट का आयोजन किया गया। सुबह के सत्र में प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी एमपी भराडिया ने किया। जबकि शाम को समापन समारोह में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने मुख्यतिथि के रूप में शिरकत करते हुए स्पर्धा के विजेताओं और उपविजेताअओं को पुरस्कार प्रदान कर नवाजा। बोची प्रतियोगिता का खिताब आश्रय संस्थान देहलां के नाम रहा। फाइनल में आश्रय संस्थान की टीम ने प्रेमाश्रम ऊना की की टीम को मात देकर जीत हासिल की। इस दौरान 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में आश्रय संस्थान के धावकों की दबदबा रहा। इस ईवेंट में पहले तीनों स्थान आश्रम के खिलाड़ियाें ने जीते। संस्थान के जसविंद्र ने पहला, आकाश ने दूसरा और सुरेश ने तीसरा स्थान हासिल किया। लॉन्ग जंप में भी इन्हीं तीनों एथलीट्स ने प्रतिभा का लोहा मनवाया। जसविंद्र ने पहला, आकाश ने दूसरा और सुरेश ने तीसरा स्थान पाया। एमआर दौड़ में आश्रय संस्थान देहलां के जतिन चौधरी पहले स्थान पर रहे। इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि आज के युग में दिव्यांग और विशेष बच्चे हर क्षेत्र में आगे आ रहे हैं। आवश्यकता केवल उनके हौसलों को बुलंद रखने की है। उन्होंने प्रतियोगिता के हर प्रतियोगी को बधाई देते हुए निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान भी किया। सत्ती ने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार खेलांे का बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इसी के तहत बसदेहड़ा, देहलां, बहडाला और जलग्रां में करोड़ों रूपये की लागत से जल्द ही उम्दा स्टेडियमों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से इन विशेष बच्चों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। सत्ती ने कहा कि युवाओं को नशों से बचना चाहिए आैर पढ़ाई के साथ खेलों में भाग लेते हुए अपने सर्वांगीण विकास की नींव को मजबूत करना चाहिए।





























