आशुतोष गौतम। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वकीलों का समाज के निर्माण में अहम योगदान है, वह समाज में ओपीनियन मेकिंग का काम करते हैं। समाज में बहुत से निर्माण कार्य करने वाले लोग हैं परंतु वकील और पत्रकारों का समाज को जागरूक करने में अहम योगदान है। हमारे पांच साल के विकास कार्यों का लेखा-जोखा आप सबके सामने है, हमने उन लोगों को करारा जवाब दिया है जो हमें अनुभवहीन और नया आदमी बताते थे। मुख्यमंत्री ने वकीलों से कहा कि अब अगले पांच साल के लिए लाईसेंस रिन्यू करवाने के लिए आया हूं, यदि आपको लगता है हमने पांच साल में बिना किसी भेदभाव के काम किया हो तो हमारा अगले पांच साल के लाईसेंस रिन्यू करने में सहयोग करना। मुख्यमंत्री वीरवार को करनाल न्यायिक परिसर के सभागर में बार एसोसिएशन के सदस्यों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि करनाल की बार में वह तीसरी बार आ रहे हैं, जो पदाधिकारियों ने मांग रखी उसको पूरा किया, नए चैंबर बनाने के लिए एक एकड़ जमीन दी है और जो भी मांग उचित होगी उसको पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बार एसोसिएशन के प्रधान की मांग को स्वीकार करते हुए कहा कि सभागार में 10 एसी लगाए जाएंगे। न्यायिक परिसर में लिफ्ट लगवाई जाएगी। बार एसोसिएशन की मांग पर 10 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र लगाया जाएगा और अन्य विकास कार्य के लिए मुख्यमंत्री ने बार एसोसिएशन को 21 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ट्रिब्यूनल बनाई गई है, ट्रिब्यूनल बनाने से जनता को लाभ मिलेगा। करनाल में हरेरा ट्रिब्यूनल और हिसार में जीएसटी ट्रिब्यूनल बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने जनहित में कार्य किए हैं, जो विकास कार्य प्रदेश में पिछले 5 साल में हुए हैं उनको जनता के बीच में लाने के लिए प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्रा निकाली। इस यात्रा में करीब 20 लाख लोगों ने आशीर्वाद दिया। उनके द्वारा प्रदेश में 112 विकास कार्यों का शिलान्यास व उद्घाटन किया गया। इस यात्रा के दौरान प्रदेश की जनता ने उन्हें पलकों पर उठाया। आज तक हरियाणा के इतिहास में किसी भी मुख्यमंत्री ने ऐसी यात्रा नहीं निकाली, यह अपने आप में अनूठी यात्रा थी जिसमें इतने लोगों ने भाग लिया हो। बार एसोसिएशन के प्रधान कंवरप्रीत भाटिया ने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया और मुख्यमंत्री के सामने मांग रखी जिसको मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया और उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिलाया कि करनाल बार एसोसिएशन की ओर से उन्हें विधानसभा चुनाव में पूरा समर्थन मिलेगा। बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान एवं बार काऊंसलिंग के सदस्य राजकुमार चौहान ने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया और कहा कि मुख्यमंत्री ने बार एसोसिएशन के लिए काफी विकास कार्य करवाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा करवाए गए विकास कार्यों का गीत के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस मौके पर बार एसोसिएशन द्वारा सभी अतिथियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायधीश जगदीप जैन, बार काऊंसलिंग के सदस्य भूपेन्द्र राठौर, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी नरेश राणा, सुषमा कश्यप, अशोक नागपाल, संजय मदान, कर्मबीर खरबंदा, विजेन्द्र राठौर सहित ओएसडी अमरेन्द्र सिंह, भाजपा नेता अशोक सुखीजा, मेयर रेनू बाला गुप्ता, जिला अध्यक्ष जगमोहन आनंद, जिला महामंत्री योगेन्द्र राणा, कुलदीप शर्मा सहित बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।बॉक्स: अब करनाल है तुम्हारे हवाले साथियों – सीएम मनोहर लालमुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बार एसोसिएशन की बैठक में वकीलों के सामने कहा कि 2014 के चुनाव में मैंने आपके बीच में रहकर चुनाव लड़ा परंतु अब मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रदेश की जिम्मेदारी बढ़ी है। आप सभी को मनोहर लाल बनकर इस चुनाव को लडऩा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब करनाल है तुम्हारे हवाले साथियों।






























