भाजपा जिलाध्यक्ष और मेयर ने रवाना किया प्रचार रथ
करनाल, आशुतोष गौतम (9 अक्तूबर) जिले में विकास का पहिया चलता रहेगा। ऐसी कोई भी विधानसभा नहीं है, जहां करोड़ों रुपए के विकास कार्य न हुए हों। यह बात भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष जगमोहन आनंद ने प्रचार रथ रवाना करते हुए कही। इस दौरान उनके साथ मेयर रेणू बाला गुप्ता, केश कला बोर्ड के वाईस चेयरमैन यशपाल ठाकुर, अर्बन मंडल अध्यक्ष दीपक गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष जगमोहन आनन्द ने कहा कि हरियाणा विकास के मामले में आगे बढ़ रहा है, हम विकास को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें जनता का आशीर्वाद चाहिए, विपक्ष से हमें कोई लेना-देना नहीं है। जब भी मुख्यमंत्री कहीं कार्यक्रम में जाते हैं तो उस क्षेत्र के विकास के लिए करोड़ों रुपए की सौगात देते हैं। आम आदमी के लिए प्रदेश में जो भी जरूरी होगा, उसे करेंगे। उन्होंने कहा कि पांच साल के कार्यकाल में हर क्षेत्र में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी है और आगे भी विकास कार्य होते रहेंगे। जगमोहन आनन्द ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने बड़े मनोयोग से विकास की गंगा बहाई है। सरकार ने विकास की जो अहर्निश यात्रा शुरू की है और उसे जिस तरह से समाज के हर वर्गों का प्यार और समर्थन मिल रहा है, उससे यह निश्चित है कि आने वाले विधान सभा चुनाव में प्रचंड जीत के साथ एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने वाली है। उन्होंने जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि इस बार सिर्फ विजय से काम नहीं चलेगा, बल्कि इस बार 75 पार सीटों पर विजय के साथ सरकार बनाने का काम भारतीय जनता पार्टी को करना है। भारतीय जनता पार्टी के अलावा किसी और पार्टी में यह ताकत नहीं है कि वे चुनाव से पहले ही अपने कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के सामने प्रस्तुत कर सके। उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी की सरकार है जो चुनाव से पहले हर विधान सभा क्षेत्र में जाकर राज्य की जनता के सामने अपनी सरकार का हिसाब-किताब दे रही है। उन्होंने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में एक भी ऐसा काम नहीं किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सिर झुकाना पड़े। सरकार ने राज्य के हर घर में विकास और खुशहाली पहुंचाने का काम किया है। इस मौके पर अशोक मदान, शुभम गुप्ता, संकल्प भंडारी, मनमीत बावा, प्रतीक अरोड़ा, संजय गांधी, आकाश अरोड़ा आदि मौजूद रहे।
































