11 दावेदारों में से महेंद्र के नाम पर लगी सर्वसम्मति से मुहर
नीना गौतम कुल्लू, 29 अक्तूबर। आनी भाजपा ने सर्वसम्मति से नये मंडल अध्यक्ष का ऐलान कर दिया है। मंगलवार को निरमंड में भाजपा मंडल चुनाव प्रभारी आनी गुलजारी लाल की अध्यक्षता मे नए भाजपा मंडल अध्यक्ष आनी महेंद्र सिंह ठाकुर को सर्वसम्मति से अध्यक्ष बनाने की घोषणा की गई। गुलजारी लाल ने अपने संबोधन मे कहा कि उनके पास 11 नामों की सूची आई थी। जिनमें से किसी एक को चुन पाना बहुत मुश्किल कार्य था। अध्यक्ष बनाने के लिए एक कोर कमेटी गठित की गई। जिसमे आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल सागर और एपीएमसी चैयरमैन कुल्लू एवं लाहुल-स्पीति अमर ठाकुर उपस्थित रहे। चुनाव प्रभारी और कोर कमेटी के सभी सदस्यों ने अपनी सुझ बूझ से महेंद्र सिंह ठाकुर के नाम के ऊपर अपनी सहमति बनाई। जिसके लिए सभी अन्य अध्यक्ष पद के दावेदारों ने सर्वसहमति से उनका समर्थन किया। चुनाव प्रभारी ने बताया जो मंडल की 45 सदस्य की कार्यकारणी बनेगी उसका अधिकार नवनियुक्त अध्यक्ष को रहेगा। महेंद्र ठाकुर ने अपने अधीक्षक भाषण मे कहा कि उन्हें जो जिम्मेवारी दी गई है उस पर वे पूरी तरह से खरा उतरने का प्रयास करेंगे और मंडल के सभी वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकर्ताओं के सहयोग से उस पर खरा उतरने की वो पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने अपनी नियुक्ति पर मंडल चुनाव प्रभारी गुलजारी लाल विधायक किशोरी लाल सागर और एपीएमसी चेयरमैन अमर ठाकुर और वर्तमान सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। चुनाव प्रभारी गुलजारी लाल ने पुरानी मंडल कार्यकारणी को निरस्त करने की घोषणा की। बताते चलें कि पिछले एक हफ्ते से आनी भाजपा मंडल अध्यक्ष को लेकर काफी चर्चाएं चली थी, इस सियासी हलचल के बीच कई बड़े नेताओं के नाम पर सहमति नहीं बन पाई। हालांकि इस बीच कार्यकर्ताओ के अंदर सहमति जताने को लेकर बातचीत का दौर भी खूब चला रहा। बताते चलें कि महेंद्र ठाकुर भाजपा मंडल आनी में युवा मोर्चा का सचिव, मंडल कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी सदस्य जबकि वर्तमान में मिल्क फेड हिमाचल प्रदेश में निदेशक मंडल सदस्य हैं। वहीं, इसके अलावा अपनी गृह पंचायत कुठेड के प्रधान रह चुके हैं और कई समाजिक संगठनों के साथ जुड़े हैं।































