बोले, हरियाणा के साढ़े 5 हजार लोगों के बस और ट्रेन का किराया राज्य सरकार करेगी वहन
करनाल, आशुतोष गौतम ( 6 नवंबर) हरियाणा सरकार के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बड़ा ऐलान किया है कि करतारपुर जाने वाले श्रद्धालुओं का खर्चा सरकार उठाएगी। इस बात को लेकर सिख समाज में खुशी का माहौल है। भाजपा के युवा नेता एवं कष्ट निवारण समिति के सदस्य नवजोत सिंह संधू ने कहा कि सीएम मनोहर लाल के इस बड़े ऐलान का धन्यवाद किया है। उन्होंने सीएम मनोहर लाल का धन्यवाद करते हुए कहा कि हरियाणा के साढ़े 5 हजार लोगों के बस और ट्रेन का किराया राज्य सरकार वहन करेगी । ऐसे में इच्छुक लोग पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर जिला उपायुक्त के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं । नवजोत संधू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सिख संगत को एक बड़ा तोहफा दिया है। संधू ने बताया कि गुरुनानक के 550वें प्रकाश पर्व के मौके पर हरियाणा के तीर्थ यात्री निशुल्क करतारपुर जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि करतारपुर कोरिडोर का उद्घाटन 9 नवम्बर को होगा। इससे पहले सरकार की ओर से एक श्रद्धालुओं को राहत प्रदान की है। उन्होंने बताया कि करतारपुर साहिब गुरुद्वारा, जिसे मूल रूप से गुरुद्वारा दरबार साहिब के नाम से जाना जाता है। यह सिखों का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां श्री गुरु नानक देव ने अपने जीवन के अंतिम वर्ष बिताए।

































