रामशहर को चाहिए राष्ट्रीयकृत बैंक की एक और शाखा, यूको बैंक की शाखा पर है सरकारी लेनदेन और ट्रेजरी के काम का दबाव, आम उपभोक्ता परेशान
Baddi, 8 अगस्त ( कविता गौत्तम ) तहसील केंद्र होने के साथ साथ रामशहर पहाड़ी क्षेत्र की 23 पंचायतों का केंद्र है। लोगों को अपनी बैंकिंग जरूरतों के लिए रामशहर पर निर्भर रहना पड़ता है, लेकिन यहाँ पर राष्ट्रीयकृत बैंक की केवल एक ही शाखा है जिसके कारण लोगों की काफी समय से मांग है कि यहाँ पर किसी राष्ट्रीयकृत बैंक की एक और शाखा होनी चाहिए । कहने को तो एक सहकारी बैंक की शाखा भी है, लेकिन आजकल सरकार की हर योजना बैंक खाते से जुडी हुई है, इसके लिए राष्ट्रीयकृत बैंक का खाता होना जरूरी है, चाहे सरकार की पेंशन योजना हो, गैस सब्सिडी हो, विद्यर्थियों को छात्रवृति योजना हो। रामशहर में तहसील होने के कारण यहाँ पर ट्रेज़री भी है, उसका लेन-देन भी बैंक के माध्यम से ही होता है, उसके कारण भी यूको बैंक रामशहर के पास काफी काम का बोझ रहता है । हर महीने के पहले हफ्ते में सरकारी बिलों का काफी काम रहता है साथ ही 10 तारीख तक पेंशनभोगियों की काफी भीड़ होती है । जमीन आदि की रजिस्ट्री के लिए तहसील में जमा होने वाली स्टाम्प ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस भी अब इसी बैंक में होती है । स्थानीय व्यापारी शांत वर्मा, सोनू कौशल, परमजीत राय, हुकुम सिंह, बाबुराम, पवन कौशल, सुभाष, सोमनाथ बस्सी, सहदेव वर्मा, गोपाल गुप्ता, नरेश गुप्ता,अमरसिंह ठाकुर, रामलाल ठाकुर,मदन शर्मा राज शर्मा ने बताया कि बैंक वालों को सरकारी कामों से ही फुरसत नहीं होती जिसके कारण व्यापारी वर्ग को सबसे ज्यादा समस्या का सामना करना पड़ता है । स्थानोय उद्यमी अजय गुप्ता ने बताया कि बाहर से सामान मंगवाने के लिए बैंक में आरटीजीएस या नेफट समय से नहीं होती जिसके कारण समय पर माल नहीं आता ।































