स्कूलों में स्थापित मतदान केन्द्रों पर प्राप्त किए जाएंगे दावे व आक्षेप
ऊना, (15 नवंबर) – निर्वाचन विभाग द्वारा 16 नवंबर से 15 दिसंबर तक फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का आयोजन किया जा रहा है। पुनरीक्षण के दौरान प्रत्येक मतदान केन्द्र पर प्राधिकृत अधिकारी द्वारा दावे तथा आक्षेप प्राप्त किए जाएंगे। यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बताया कि अधिकतर मतदान केन्द्र सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में स्थापित हैं और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा पुनरीक्षण कार्य के लिए स्कूली स्टाफ की डियूटी लगाई जाती है। इसी के मध्यनजर मतदान केन्द्रों से संबंधित जिला के समस्त सरकारी शैक्षणिक संस्थानों के मुखियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे सुनिश्चित करें कि 16 नवंबर सेे 15 दिसंबर के दौरान (अवकाश वाले दिनों 22 नवंबर तथा 6 दिसंबर सहित) स्कूलों में स्थापित मतदान केन्द्रों पर प्राधिकृत अधिकारी उपस्थित रहें ताकि आम नागरिक अपने दावे तथा आक्षेप दर्ज कर सकें।































