कड़कती ठंड और धुंध के बावजूद स्कूली बच्चों ने की रिहर्सल
करनाल, आशुतोष गौतम ( 17 जनवरी ) कड़कती ठंड और धुंध के बावजूद भी गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी में भाग लेने वाले स्कूली बच्चों का उत्साह कम नहीं है। आज प्रात: स्थानीय नई अनाज मंडी में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। इसी प्रकार पीटी शो में भी करीब 3000 बच्चों ने भाग लिया। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी रविन्द्र चौधरी, सर्व शिक्षा अभियान की जिला परियोजना समन्वयक सपना जैन, महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी राजबाला तथा सांस्कृतिक टीमों की इंचार्ज हरजिन्द्र कौर सहित 26 जनवरी कार्यक्रम में भाग लेेने वाले संबंधित स्कूलों के शिक्षक मौजूद रहे। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दयाल सिंह पब्लिक स्कूल सेक्टर-7, दून इन्टरनैशनल, माता प्रकाश कौर वाणी एवं श्रवण दिव्यांग स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, ओपीएस विद्या मंदिर, टैगोर बाल निकेतन, माँट फोर्ट पब्लिक स्कूल को सोमवार 21 जनवरी को होने वाली रिहर्सल के लिए चयनित किया गया है। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर प्रस्तुति देने वाली सांस्कृतिक टीमों का फाईनल चयन 21 जनवरी को ही होगा। राजकीय कन्या वरिष्ठï माध्यमिक विद्यालय रेलवे रोड व मॉडल टाऊन तथा टैगोर बाल निकेतन स्कूल की छात्राएं हरियाणवी संस्कृति को प्रदर्शित करती प्रस्तुति देंगी। नई अनाज मंडी में पूर्वाभ्यास 23 जनवरी तक किया जाना जारी रहेगा जबकि 24 जनवरी को अंतिम पूर्वाभ्यास के दिन, उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में सभी प्रतिभागी पूर्ण वेशभूषा में कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। फाईनल रिहर्सल में ध्वजारोहण से लेकर अन्य कार्यक्रम भी करवाए जाएंगे। इनमें से मुख्यातिथि का भाषण, ईनामात व झांकियों का प्रदर्शन 26 को ही सम्पन्न होंगे। बता दें कि 71वें गणतंत्र दिवस पर मुख्य समारोह नई अनाज मंडी में ही होगा। हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला प्रात: ठीक 9 बजकर 58 मिनट पर बतौर मुख्यातिथि समारोह में पहुंचकर ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। समारोह में पहुंचने से पहले मुख्यातिथि स्थानीय युद्ध स्मारक पर जाकर शहीदों का स्मरण कर पुष्पचक्र अर्पित करेंगे।
































